पुलिस हिरासत में युवक की मौत, पुलिस पर पिटाई का आरोप
छत्तीसगढ़ पुलिस हिरासत में युवक की मौत, पुलिस पर पिटाई का आरोप
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक युवक की पुलिस हिरासत में संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है. करोड़ों की ठगी के आरोप में युवक को एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था.
इसी दौरान थाने में युवक की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई.
युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने युवक की जमकर पिटाई की थी. पिटाई की वजह से युवक की मौत हुई है.
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव के भंवरमरा निवासी दुर्गेश कठोलिया के खिलाफ करीब 50 से अधिक किसानों ने अर्जुनी थाना में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी.
युवक पर करीब 7 करोड़ की ठगी की शिकायत दर्ज है. किसानों ने आरोप लगाया है कि दुर्गेश ने अधिक मूल्य पर धान खरीदी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपए की ठगी की है.
इसके बाद से युवक अपना मोबाइल बंद कर फरार था. पुलिस ने सोमवार की शाम 4 बजे युवक को गिरफ्तार किया था.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद युवक को डॉक्टरी मुलायजा के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था.
न्यायालय से उसे 4 अप्रैल तक की पुलिस रिमांड मिली थी. उसके बाद उसे थाना लाया गया.
रात करीब 9 बजे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई. तत्काल पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे. वहां परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
युवक की मां ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे को सकरी से मारा गया है. बेटे को दुर्ग से गिरफ्तार कर लाया गया था. इसकी जानकारी परिजनों को पुलिस ने नहीं दी थी.
मृतक दुर्गेश कठौलिया की पत्नी ने भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके पति को मारा है.
पुलिस ने बताया कि दुर्गेश आदर्श कृषि बीज के नाम से एक समिति चलाता था. वह किसानों से अधिक दाम पर धान खरीदता था. लेकिन किसानों को पैसा दिए बगैर फरार हो जाता था.
उसके खिलाफ राजनांदगांव के बसंतपुर थाना में भी अपराध दर्ज है. वह बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, बालाघाट में भी इस प्रकार ठगी की घटना को अंजाम दे चुका था.