बस्तर संभाग के 4 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ बस्तर संभाग के 4 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई है. वहीं आज यानी शुक्रवार को प्रदेश भर में बादल छाए हुए हैं. जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है.
मौसम बदलने से लोगों को तेज गर्मी से भी राहत मिली है. वहीं शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के 4 जिलों दंतेवाड़ा, बस्तर, सुकमा और बीजापुर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. बाकी जिलों में भी बूंदाबांदी की संभावना है. गुरुवार को भी बस्तर संभाग के कई जिलों में हल्की और मध्यम बारिश हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक नया सिस्टम एक्टिव होने के कारण राज्य में दो दिनों से बारिश हो रही है.
एक ऊपरी हवा का चक्रवर्ती घेरा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा पर समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है.
इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है. जिसके कारण प्रदेश में बादल और बारिश की स्थिति बन रही है.
शुक्रवार को भी बस्तर के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. साथ ही कहीं-कहीं पर तेज अंधड़ भी चल सकती है.
इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई है. एक दो जगह पर गरज चमक के साथ तेज हवा की चलेगी. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है.
इसके बाद रविवार से राज्य के मौसम में फिर से बदलाव होगा. तापमान बढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी. वर्तमान में अगले दो दिन अधिकतम तापमान में बदलाव होने की संभावना नहीं है.
पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है. राजधानी में गुरुवार को कहीं-कहीं बौछारें पड़ीं. इससे पारा गिरकर 34 डिग्री पर आ गया. यह सामान्य से साढ़े 4 डिग्री कम है.
आज शुक्रवार को भी राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों में बारिश होने की संभावना है.
गुरुवार को प्रदेश में सबसे गर्म जगदलपुर रहा. यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.