छत्तीसगढ़ के 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह से बदला हुआ है. तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच आंधी-तूफान और बारिश का दौर चल रहा है.
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 7 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
आज बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा और मुंगेली जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं अन्य 19 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं.
अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसे ही बने रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य क्षेत्र में बने एक चक्रवात के कारण हुआ है,
जो समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है. इसके असर से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है.
अगले कुछ दिनों तक तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी.
आज 14 अप्रैल को बादल गरजने के साथ आंधी की गतिविधि बढ़ने की संभावना है.
वहीं अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट होने और आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी.
बस्तर में गिरे ओले
रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई. कोंडागांव के कुछ क्षेत्रों में आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे.
कुछ जगहों पर काफी तेज बारिश हुई जिससे सड़कों पर पानी भी भर गया.
इसी प्रकार सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई. बैमौसम बारिश से संभाग में तापमान में गिरावाट आई.
रविवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा. वहीं रात का पारा 21.6 डिग्री दर्ज किया गया.
रायपुर में धूप-छांव
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को रायपुर में धूप-छांव वाला मौसम होगा.
साथ ही गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
अधिकतम तापमान क्रमशः 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
वहीं रविवार को दिन का तापमान 39.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया है.