राज्यपाल के फॉलो वाहन की टक्कर से महिला की मौत, मुआवजे की मांग
छत्तीसगढ़ राज्यपाल के फॉलो वाहन की टक्कर से महिला की मौत, मुआवजे की मांग
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के सरगुजा प्रवास के दौरान मैनपाट में उनकी सुरक्षा में लगे फॉलो वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई.
वहीं दो अन्य सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हुई है. बलौदाबाजार में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक नर्स को ठोकर मार दी. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
अंबिकापुर में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों ने दम तोड़ दिया.
महिला की मौत पर मुआवजे की मांग
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के सरगुजा प्रवास के दौरान मैनपाट में उनकी सुरक्षा में लगे फॉलो वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई.
राज्यपाल रमेन डेका दो दिवसीय सरगुजा प्रवास पर थे. गुरुवार शाम को मैनपाट के पर्यटन स्थल उल्टापानी क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद जब उनका काफिला निकला, इसी दौरान उनके काफिले के सातवें नम्बर की गाड़ी की चपेट में आने से करमहा निवासी एक 55 वर्षीय महिला सुन्नी मझवार घायल हो गई.
गंभीर रूप से घायल महिला को पहले इलाज के लिए कमलेश्वरपुर हॉस्पिटल ले जाया गया. जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया था. अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान रात को उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद राज्यपाल ने सरगुजा में अपने आज के कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया है.
शुक्रवार को राज्यपाल रमेन डेका को मैनपाट में तिब्बती कैंप जाना था. इसके अलावा अंबिकापुर में सैनिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
साथ ही अंबिकापुर में अधिकारियों की बैठक भी आयोजित थी. हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अंबिकापुर पहुंचे और मुआवजे की मांग की.
ट्रक ने नर्स को कुचला
बलौदाबाजार-भाठापारा जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक नर्स को टक्कर मार दी. जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
इस घटना में नर्स का पति और बेटा बाल-बाल बचे. पुलिस के मुताबिक घटना पलारी थाना क्षेत्र की है.
नर्स फुलेश्वरी साहू बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल में काम करती थीं. वह आज अपने पति और पांच साल के बेटे भव्या साहू के साथ रायपुर से कसडोल जा रही थी.
कसडोल में उनका घर है. इसी दौरान पाहंदा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी.
हादसे में नर्स की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
दो बाइकों में भिड़ंत, 3 की मौत
अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र की है.
पुलिस के मुताबिक एक बाइक में प्रतापपुर निवासी दो दोस्त पुनीत यादव और ओमप्रकाश सारथी सवार थे.
दोनों प्रतापपुर से अंबिकापुर आ रहे थे. वहीं दूसरी बाइक में छतरपुर निवासी युवक प्रतापपुर की ओर आ रहा था.
उसी दौरान एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे.
हादसे में तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं. आस-पास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.