कथा वाचक प्रदीप मिश्रा से पूछताछ क्यों नहीं- भूपेश
छत्तीसगढ़ कथा वाचक प्रदीप मिश्रा से पूछताछ क्यों नहीं- भूपेश
भिलाई | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीबीआई की छापेमारी को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सीबीआई की ये कार्रवाई पूरी तरह से राजनीति प्रेरित है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 तारीख को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. उनके बोलने के लिए कुछ भी नहीं है. इसलिए भाषण का कंटेंट तैयार करने के लिए यह कार्रवाई की गई.
महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटरों से जुड़े होने को लेकर भूपेश बघेल ने कथावाचक प्रदीप मिश्रा की तरफ भी इशारा किया है.
उन्होंने कहा कि 15 दिन पहले मेरे घर पर ईडी की टीम आई थी. उन्हें कुछ नहीं मिला था. कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी लेकर गए थे. अब सीबीआई उन्हीं दस्तावेजों की ओरिजनल कॉपी लेकर गई है.
उन्होंने कहा कि सीबीआई की कार्रवाई 4 बजे खत्म हो गई थी. लेकिन घर से कुछ नहीं मिलने के कारण वे रात 9.15 बजे तक बैठे रहे. अंत में उनकी सारी संपत्ति से जुड़े ओरिजनल दस्तावेज और मोबाइल फोन लेकर चले गए.
हमने कार्रवाई के लिए पैरवी की
पूर्व सीएम ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने महादेव सट्टा ऐप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी. उनकी सरकार के समय महादेव ऐप के संबंध में करीब 74 एफआईआर दर्ज की गई और 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और इससे संबंधित 2000 से अधिक बैंक खाते फ्रीज किए गए.
उन्होंने कहा कि आज भाजपा की केन्द्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार है. लेकिन भाजपा की सरकार महादेव सट्टा के खिलाफ एक भी कार्रवाई नहीं कर रही है. उल्टा कांग्रेस के बेकसूर जनप्रतिनिधियों पर रुपए लेने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केंद्र से महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने और उन्हें विदेश से गिरफ्तार करने का अनुरोध किया था. तब भाजपा सरकार ने एक महीने के अंदर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को पकड़कर छत्तीसगढ़ की जेल में डालने की बात कही थी. लेकिन अभी तक दोनों के खिलाफ कोई कार्रवाई तक नहीं हुई है.
कथावाचक प्रदीप मिश्रा गए थे दुबई
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कथावाचक प्रदीप मिश्रा जो भाजपा की प्रशंसा करते हैं. सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के मेहमान बनकर दुबई गए थे. वहां महादेव सट्टा वालों को महादेव की कथा सुनाकर आए हैं.
उन्होंने कहा कि सीबीआई के पास हिम्मत है, तो प्रदीप मिश्रा से पूछना चाहिए कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल कहां हैं. प्रदीप मिश्रा वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर जिले में कथा सुना रहे हैं.
बघेल ने आरोप लगाया है कि महादेव एप के संचालकों और सटोरियों की पहुंच भाजपा के बड़े नेताओं से है. प्रदीप मिश्रा की इन नेताओं से साथ फोटो भी है. सीबीआई उनसे पूछताछ नहीं कर रही है. यह दुर्भाग्य है कि जो आरोपी है उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. उल्टा हम लोगों पर कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने कहा कि अगले महीने अहमदाबाद में होने वाली एआईसीसी की बैठक के लिए बुधवार को मुझे दिल्ली में 'ड्राफ्टिंग कमेटी' की बैठक में शामिल होना था. लेकिन सीबीआई की कार्रवाई के कारण मैं वहां नहीं जा सका.