कोरबा में कुआं धंसा, एक ही परिवार के तीन की मौत
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारी बारिश के चलते एक कुआं घंस गया, जिसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. तीनों कुएं में लगे मोटर पंप को निकाल रहे थे. उसी दौरान यह हादसा हुआ.
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा चौकी के बनवार गांव की है. बताया गया कि तीन लोग कुएं में लगे मोटर पंप को निकालने के लिए कुएं में उतरे थे.
उसी दौरान अचानक कुआं धंस गया. कुएं का मलबा इतने तेजी से गिरा कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों वहीं दब गए. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा बचाव दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया.
काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों के शवों को बाहर निकाल गया. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है.