क्यूबा में आर्थिक संकट के बीच हिंसा: कम्युनिस्ट पार्टी के दफ्तर में लगाई आग
हवाना । डेस्क: क्यूबा में गहराते आर्थिक संकट और अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण उपजा जन आक्रोश अब हिंसक रूप लेने लगा है. मध्य क्यूबा के मोरोन शहर में प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय कम्युनिस्ट पार्टी के मुख्यालय पर हमला कर उसमें आग लगा दी.
सरकारी मीडिया 'इनवेसर' के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन पहले शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ था, लेकिन अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी 'आजादी' (लिबर्टी) के नारे लगाते और जलती हुई इमारत पर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं.
द्वीप पर खाद्य सामग्री और बिजली की भारी किल्लत के कारण पिछले कुछ हफ्तों से तनाव चरम पर है.
मानवाधिकार संगठन 'जस्टिसिया11' ने इलाके में गोलीबारी होने और एक व्यक्ति के घायल होने की आशंका जताई है, हालांकि सरकारी मीडिया ने इन खबरों का खंडन किया है.
क्यूबा में सरकार विरोधी प्रदर्शन दुर्लभ माने जाते हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति ने आम जनता को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया है. लोग रात के समय बर्तन बजाकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं, वहीं हवाना विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी ऊर्जा प्रतिबंधों के कारण कक्षाएं निलंबित होने पर धरना दिया.
इस संकट का मुख्य कारण अमेरिका द्वारा लगाए गए कड़े आर्थिक प्रतिबंध माने जा रहे हैं.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह पंगु बनाने के उद्देश्य से देश की तेल आपूर्ति काट दी है.
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कानेल ने पुष्टि की है कि पिछले तीन महीनों से क्यूबा में तेल की कोई खेप नहीं पहुंची है. अमेरिका ने न केवल वेनेजुएला से होने वाली तेल आपूर्ति को रोका है, बल्कि 29 जनवरी को जारी एक कार्यकारी आदेश के जरिए अन्य देशों को भी क्यूबा को ईंधन बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है.
मार-ए-लागो में लातिन अमेरिकी नेताओं को संबोधित करते हुए ट्रंप ने स्पष्ट संकेत दिया कि ईरान और वेनेजुएला के बाद अब उनका अगला लक्ष्य क्यूबा है. उनका दावा है कि वे क्यूबा में 'ऐतिहासिक बदलाव' लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जबकि इस भू-राजनीतिक टकराव के बीच आम क्यूबाई नागरिक अंधेरे और भुखमरी के साये में जीने को मजबूर हैं. Symbolic Photo