देशी शराब पीने से दो ग्रामीणों की मौत
छत्तीसगढ़ देशी शराब पीने से दो ग्रामीणों की मौत
जांजगीर-चांपा | संवाददाताः जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के भठली गांव में दो लोगों की संदिग्ध अवस्था में मौत हुई है. दोनों ने गुरुवार शाम को साथ में बैठकर देशी शराब पी थी. जिसके बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई.
दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था. एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. माना जा रहा है कि शराब में कोई मिलावट रही होगी, जिसके कारण दोनों की जान गई.
घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र के भटली गांव की है.
पुलिस के मुताबिक मृतक सीताराम सतनामी (65 साल) और रोहित तेंदुलकर (25 साल) को गांव के ही एक व्यक्ति ने शराब लाकर दी थी. शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई. मुंह से झाग निकलने के बाद दोनों बेहोश हो गए.
सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई. रोहित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई.
मृतक रोहित तेंदुलकर के भाई ने बताया कि रोहित गुरुवार काम से लौटने के बाद शाम को घर से बाइक लेकर घूमने निकला था. कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली.
आसपास के लोगों से पूछने पर पता चला कि गांव के ही एक व्यक्ति ने इन लोगों को शराब लाकर दिया था.
मृतकों के परिजनों ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. परिजनों को आशंका है कि जहरीली शराब पीने की वजह से दोनों की मौत हुई होगी.
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा. पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम अलग-अलग चीरघर में होगा. सीताराम सतनामी का पोस्टमार्टम नवागढ़ में किया जाएगा. वहीं रोहित का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल जांजगीर में होगा.