सड़क हादसों में दो शिक्षक और तीन दोस्तों की मौत
छत्तीसगढ़ सड़क हादसों में दो शिक्षक और तीन दोस्तों की मौत
रायगढ़/कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है. जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. रायगढ़ में कार और बाइक में आमने-सामने भिड़ंत में तीन दोस्तों की मौत हो गई. वहीं कोरबा जिले में एक तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से दो शिक्षकों ने दम तोड़ दिया.
पुलिस के मुताबिक रायगढ़ के छाल थाना क्षेत्र के बहरा मुड़ा निवासी अमित राठिया, तरुण राठिया, रितेश राठिया रविवार की शाम रामनवमी के अवसर पर जुलूस देखने रायगढ़ शहर आए थे.
रात करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक में सवार होकर घर लौट रहे थे. उसी दौरान एनएच-49 पर कोतरा रोड थाना क्षेत्र के गेजामुड़ा गांव के पास बिलासपुर की ओर से आ रही कार से टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित राठिया की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अरुण और रितेश राठिया समेत कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के दौरान रात में ही रितेश की मौत हो गई.
वहीं अरुण ने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया. घायल कार चालक का उपचार जारी है.
दो शिक्षकों की मौत
दूसरी घटना कोरबा जिले के दीपका-कुचेना मार्ग पर शक्तिनगर के पास हुआ. तेज रफ्तार कार के पेड़ में टकराने से दो शिक्षकों की मौत हो गई. वहीं दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार सेंट जेवियर स्कूल कोरबा के 4 शिक्षक बीती देर रात दीपका से बारात से वापस लौट रहे थे. उसी दौरान शक्तिनगर ढलान के पास शिक्षकों की कार पेड़ से टकरा गई.
हादसे में खरमोरा निवासी हिमांशु सिंह और एमपी नगर निवासी शुभम दीप की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों शिक्षक कार के सामने वाली सीट पर बैठे थे.
वहीं पीछे की सीट पर बैठे चंद्रभान और सत्यदेव गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.