बलरामपुर में हाथी के हमले से दो की मौत
छत्तीसगढ़ बलरामपुर में हाथी के हमले से दो की मौत
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दंतैल हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई है. दल से भटके इस हाथी ने पहले एक दंपति पर हमला किया.
पति-पत्नी सोमवार देर शाम खेत में मवेशी बांधने गए थे. उसी समय हाथी वहां पहुंच गया. पति-पत्नी दोनों को गंभीर चोटें आई थीं.
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया.
इसके बाद आज तड़के हाथी ने कमिश्नर ऑफिस के चपरासी को कुचल कर मार डाला. वह महुआ बिनने खेत गया था.
दोनों घटनाओं से भड़के ग्रामीणों ने मंगलवार को छतवा में डिप्टी रेंजर ऑफिस के सामने चक्काजाम कर दिया.
पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ.
महिला का हाथ उखाड़ा
सोमवार देर शाम रामानुजगंज वन परिक्षेत्र से भटक कर एक दंतैल हाथी छतवा सर्किल के ग्राम फुलवार पहुंच गया था.
हाथी ने फुलवार निवासी उस्मान अहमद और उसकी पत्नी अस्मीना पर हमला कर दिया. हाथी ने अस्मीना को जमीन पर पटक दिया, उसके बाद उसके एक हाथ को उखाड़ दिया.
वहीं उस्मान की कमर में चोट लगने से वह भी घायल हो गया. किसी तरह उस्मान वहां से भागकर शोर मचाया. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
गंभीर रूप से घायल दंपति को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया.
जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई. पति उस्मान का उपचार चल रहा है. वन विभाग के द्वारा पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये तत्कालीन सहयोग राशि मुहैया कराई गई है.
चपरासी को कुचल कर मार डाला
इस घटना के बाद हाथी फुलवार गांव से निकलकर रामपुर पहुंच गया था. मंगलवार की सुबह अंबिकापुर कमिश्नर ऑफिस में पदस्थ चपरासी दुर्गा प्रसाद महुआ बिनने खेत जा रहा था.
बीच रास्ते में उसका सामना हाथी से हो गया. हाथी ने उसे मौके पर ही उठाकर पटक दिया, फिर पैरों से कुचल दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.
बताया गया कि दुर्गा प्रसाद रामपुर की जमीन रामपुर में है. वह अपने परिवार के साथ रामपुर आया था.
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कुछ घंटे के अंदर दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. वन विभाग के विरोध में ग्रामीणों ने छतवा में डिप्टी रेंजर कार्यालय के सामने चक्काजाम कर दिया.
ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि हाथियों के आने की जानकारी देने के बाद भी वन विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते हैं.
फुलवार गांव के आस-पास लगातार हाथियों के विचरण करने से ग्रामीणों में हमेशा डर बना रहता है.
चक्काजाम की सूचना पर रेंजर संतोष पांडेय और एसडीओपी बाजीलाल सिंह की टीम मौके पर पहुंची. समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया.
डिप्टी रेंजर ने ग्रामीणों से की अपील
डिप्टी रेंजर विजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में दस हाथियों का दल विचरण कर रहा है. हाथी दो दल में बंटे हुए हैं.
एक में नौ हाथियों का दल है और दूसरे में एक लोनर हाथी शामिल है. इस दल से अलग हुए दंतैल हाथी ने फुलवार और रामपुर में दो लोगों को मार डाला.
उन्होंने लोगों से अपील की है कि शाम ढलने के बाद जंगल की ओर न जाएं. महुआ का सीजन होने के कारण ग्रामीण सुबह से घरों से निकल जाते हैं.