28 मवेशियों को कत्लखाना ले जाते ट्रक पकड़ाया
छत्तीसगढ़ 28 मवेशियों को कत्लखाना ले जाते ट्रक पकड़ाया
बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गौ सेवकों ने सोमवार को 28 मवेशियों से भरे एक ट्रक को तस्करों से छुड़ाया है.
तस्कर मवेशियों को ट्रक में भरकर महाराष्ट्र कत्लखाना ले जा रहे थे.
हालांकि आरोपी गौ सेवकों को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
घटना देवरी थाना क्षेत्र की है. सोमवार को सुबह 4 बजे गौ सेवकों को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है.
गौ तस्करी की सूचना मिलते ही गौ सेवकों ने ट्रक का पीछा किया और ट्रक को पकड़ लिया.
ट्रक में 28 मवेशी भरे हुए थे, जिसे अर्जुंदा-जेवरतला मार्ग होते हुए महाराष्ट्र कत्लखाने ले जाया जा रहा था.
गौ सेवकों को पीछा करता देख ट्रक सवार तस्कर स्टेयरिंग लॉक कर बीच सड़क में ही ट्रक को छोड़कर भाग निकले. गौ सेवकों ने इसकी सूचना देवरी पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची पुलिस को स्टेयरिंग लॉक होने के कारण ट्रक हटाते नहीं बना.
आनन-फानन में पुलिस को क्रेन बुलानी पड़ी. क्रेन की मदद से मवेशियों से भरे ट्रक को देवरी थाना लाया गया.
थाने से सभी मवेशियों को दूसरे वाहन में भरकर बालोद गौशाला भेजा गया.
फिलहाल पुलिस ट्रक को जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मवेशियों को तस्कर कहां से लेकर आ रहे थे.