दो सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत
दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है. सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक महिला की जान चली गई.
इसी तरह अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे.
पुलिस के मुताबिक पहली घटना सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र की है.
गुरुवार को ग्राम करौटी-बी के पास एक ही बाइक में सवार तीन लोगों को एक पिकअप वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी.
इस हादसे में अनीता कुजूर नाम की महिला की मौत हो गई. वहीं बाइक सवार दो अन्य लोग घायल हो गए हैं.
घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान में भर्ती कराया गया. जहां उनका उपचार जारी है.
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शादी की खुशी मातम में बदली
दूसरी घटना में अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार दो युवकों को मौत हो गई. घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है.
ग्राम मोहनपुर निवासी शंकर राम और लक्ष्मण राम बुधवार रात करीब 12 बजे शादी समारोह में शामिल होने अमगसी-बनखेता जा रहे थे.
उसी दौरान नावापारा चौक के पास अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी. राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर पहुंचाया. जहां दोनों की मौत हो गई.
बताया गया कि दोनों युवक आपस में करीबी रिश्तेदार थे.