रायपुर के भाठागांव में भूमाफियाओं का खेल, बिना टीएनसी और रेरा पंजीयन के 10 एकड़ में अवैध प्लाटिंग
रायपुर।संवाददाता. रायपुर के नगर निगम के भाठागांव क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग का मामला चर्चा में है. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसी) की अनुमति के बिना, बिना लेआउट स्वीकृति और रेरा में पंजीयन कराए, कृषि भूमि को छोटे-छोटे प्लॉटों में काटकर धड़ल्ले से बेचा जा रहा है. इस पूरे प्रकरण में क्षेत्रीय पार्षद रवि सोनकर और उनके परिवार के सदस्यों पर संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए कांग्रेस नेता ब्रम्हा सोनकर ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया. उन्होंने बताया कि भाठागांव के भरीखार और केशरी बगीचा क्षेत्रों में भूमाफियाओं द्वारा वैध अनुमति के बिना कृषि भूमि का डायवर्सन कराकर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर बेचा जा रहा है. इन प्लॉटों में सड़क, पानी, नाली और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का कोई प्रावधान नहीं है, फिर भी आकर्षक नामों और सस्ते दामों का प्रलोभन देकर लोगों को ठगा जा रहा है. सोशल मीडिया, ब्रोशर और विज्ञापनों के जरिए इसका प्रचार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक खरीदारों को फंसाया जा सके.
इस पूरे मामले में दो अलग-अलग प्रकरण सामने आए हैं. पहला प्रकरण ‘शंकरा विहार’ नाम की अवैध कॉलोनी से जुड़ा है, जिसे ‘श्री गणेश ट्रेडर्स, भाठागांव’ के नाम से प्रचारित किया जा रहा है. इस अवैध प्लाटिंग में भारत भूषण सिंह ठाकुर तथा उनके पार्टनर कौशल सोनकर की प्रमुख भूमिका बताई जा रही है. इन दोनों के द्वारा नगर निगम रायपुर के वार्ड क्रमांक 61 के अंतर्गत भाठागांव के भरीखार क्षेत्र में लगभग 6 से 7 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है. यह भूमि हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आती है और इसमें खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/3, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 शामिल हैं.
दूसरा और अधिक संवेदनशील प्रकरण क्षेत्रीय पार्षद रवि सोनकर के सगे भाई लखन सोनकर से जुड़ा है. लखन सोनकर तथा अविनाश सोनकर उर्फ मोंटी मिलकर भाठागांव के केशरी बगीचा क्षेत्र में लगभग 4 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं. इस अवैध प्लाटिंग का हल्का नंबर भी 105/60 है और संबंधित खसरा क्रमांक 1360/1, 1366/1 और 1367/3 हैं. इस प्रकार दोनों प्रकरणों को मिलाकर भाठागांव में कुल 10 एकड़ से अधिक भूमि पर अवैध प्लाटिंग का कारोबार चल रहा है.
आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद रवि सोनकर के निवास स्थान के ठीक पीछे यह अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और उनके परिवार के सदस्य सीधे तौर पर इससे जुड़े हुए हैं. पार्षद रवि सोनकर अपने राजनीतिक रसूख और प्रशासनिक पहुंच का उपयोग कर इस अवैध धंधे को खुलेआम संरक्षण दे रहे हैं. यही कारण है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. हालांकि, पार्षद रवि सोनकर का कहना है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध प्लाटिंग होती है तो निगम नियमानुसार कार्रवाई करता है. उन्हें बदनाम करने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से ये आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किसी प्रकार की अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने का सवाल ही नहीं उठता.
शिकायत के बाद भी धड़ल्ले से चल रही प्लाटिंग
इस संबंध में फरवरी और मार्च 2025 में जोन कमिश्नर, जोन क्रमांक 06, रायपुर नगर निगम तथा तहसील कार्यालय में लिखित शिकायतें प्रस्तुत की गई थीं. शिकायत के बाद प्रशासन द्वारा कुछ प्रारंभिक कदम तो उठाए गए, लेकिन इसके बावजूद अवैध प्लाटिंग का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, ब्रोशर और विज्ञापनों के माध्यम से अब भी जारी है. स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि महीनों बीत जाने के बाद भी भूमाफियाओं पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं हुई है.
महापौर मीनल चौबे पर भी संरक्षण के आरोप
इस पूरे मामले में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं. आरोप है कि महापौर स्तर पर भी इस अवैध गतिविधि को परोक्ष रूप से संरक्षण मिल रहा है. हालांकि, महापौर मीनल चौबे ने कहा कि वे किसी ‘भरत ठाकुर’ नाम के व्यक्ति को नहीं जानतीं और उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. नगर निगम अवैध प्लाटिंग के मामलों को गंभीरता से ले रहा है और जहां भी शिकायत मिलती है, कार्रवाई की जाती है. यदि कहीं कोई गड़बड़ी कर रहा है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एफआईआर दर्ज कराने की मांग
शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से मांग की है कि अवैध प्लाटिंग में शामिल सभी खसरों को तत्काल ब्लॉक किया जाए, मौके पर अवैध प्लाटिंग का बोर्ड लगाया जाए, संबंधित सभी व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए और अवैध प्लाटिंग के लिए कराए गए डायवर्सन को निरस्त किया जाए.
विधानसभा में भी उठ चुका अवैध प्लाटिंग का मुद्दा
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी अवैध प्लाटिंग का मुद्दा हाल ही में जोरदार तरीके से उठ चुका है, जिस पर सदन में तीखी बहस देखने को मिली थी. 24 विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध प्लाटिंग का कारोबार बेखौफ जारी है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई नदारद है. भाठागांव का मामला इसी बड़ी समस्या का एक जीवंत उदाहरण है.
सरकार को लाखों रुपये का राजस्व नुकसान
कांग्रेस नेता ने बताया कि भाठागांव क्षेत्र पहले भी इसी तरह की अवैध प्लाटिंग का शिकार रह चुका है. क्षेत्र में कई कॉलोनियां इसी तरह विकसित की गई हैं, जहां आज रहने वाले लोग सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं. बच्चों के लिए न खेल का मैदान है, न पार्क और न ही अन्य सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. प्लॉट बेचकर करोड़ों कमाने वाले भूमाफिया बाद में उस इलाके की ओर देखना भी जरूरी नहीं समझते.
उन्होंने बताया कि भूमाफिया किसानों से औने-पौने दाम पर जमीन खरीदते हैं, उसका डायवर्सन कराते हैं और फिर छोटे-छोटे प्लॉट बनाकर मोटे मुनाफे पर बेच देते हैं. इस पूरी प्रक्रिया में सरकार को स्टाम्प ड्यूटी, पंजीयन शुल्क, टीएनसी शुल्क, लेआउट अनुमति शुल्क और रेरा पंजीयन शुल्क जैसे मदों में लाखों-करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होता है.