सरगुजा में टीबी के बढ़ते मरीज, 6 सालों में 205 की मौत
छत्तीसगढ के सरगुजा में टीबी के बढ़ते मरीज, 6 सालों में 205 की मौत
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा में टीबी की बीमारी को लेकर लगातार अभियान चलाने के बाद भी इसकी रोकथाम होते दिखाई नहीं दे रही है.
पिछले कुछ सालों में क्षय रोगियों से पीड़ितों की संख्या में काफी तेजी से वृद्धि हुई है.
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार साल 2019 से साल 2024 तक कुल 6 हजार 660 मरीज इसकी चपेट में आए हैं. जिनमें से 205 लोगों की मौत हो चुकी है.
चिंताजनक बात ये है कि मरने वालों में 20 से 30 साल के युवा भी शामिल हैं. जबकि वर्तमान में 1 हजार 7 सौ मरीज अभी भी पीड़ित हैं.
सरगुजा जिले में टीबी के मरीजों की संख्या और बढ़ते मौत के आंकड़ों को देखते हुए सरकार ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी के मरीजों की जांच और उपचार के लिए विशेष अभियान चला रही है.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के साथ ही संभागवार घर-घर जाकर टीबी के मरीजों की पहचान की जा रही है.
टीबी मरीजों की जांच के लिए पैथोडिटेक्ट यानी आरटीपीसीआर मशीन लगाई गई है. यह मशीन छत्तीसगढ़ में पहली बार सरगुजा में लगाई गई है.
वहीं घरों में जाकर छोटी एक्स-रे मशीनों की माध्यम से लोगों की छाती का एक्स-रे करके बीमारी का पता लगाया जा रहा है.
इन मशीनों के उपलब्ध होने से टीबी के मरीजों की पहचान कर शीघ्र उपचार करना आसान हो गया है.
2024 में 1300 से अधिक मरीज मिले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 में सरगुजा में 1300 से अधिक क्षय रोग से पीड़ित मरीज पाए गए हैं.
इनमें से 11 लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई.
वहीं पिछले 6 सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2019 से वर्ष 2024 तक कुल 6 हजार 660 मरीज पाए गए हैं.
इनमें से 205 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें अधिकांश कम उम्र के लोग हैं.
इन मरीजों में टीबी की पहचान होने के बाद उपचार के लिए बहुत ही कम समय मिला और उनकी मौत हो गई.
कम उम्र के लोग भी हो रहे पीड़ित
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एक 23 वर्षीय युवती में टीबी बीमारी के लक्षण पाए गए थे.
युवती का तत्काल उपचार भी शुरू किया गया. कुछ दिनों में ही युवती ठीक होने लगी.
खांसी, बुखार और कमजोरी की जो शिकायत थी वह भी ठीक होने लगी.
इसके कुछ दिनों बाद ही मरीज के शरीर में अचानक दर्द बढ़ गया.
युवती ने स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया. डॉक्टर ने टीबी की दवा बन्द करने की सलाह दी तो युवती ने दवा बंद कर दी.
इससे खांसी में खून आने व सांस लेने में दिक्कत की परेशानी बढ़ गई. तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर युवती को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया.
यहां भी हालत में सुधार न होने पर रायपुर एम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.
इसी प्रकार सूरजपुर में दो और मामले सामने आए थे. जिसमें एक 18 साल के युवक और एक 26 साल की युवती की टीबी के कारण मौत हो गई.
युवक के गले में गठान हो गया था. युवक ने समय पर उपचार नहीं कराया जिसके चलते टीबी युवक के स्पाइन में पहुंच गया और रीढ़ की हड्डी गल गई.
इससे युवक को पैरालिसिस हो गया और उसकी मौत हो गई. वहीं महिला कोमा में चली गई थी.
फेफड़े की टीबी ज्यादा खतरनाक
इस संबंध में डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि सरगुजा में टीबी होने का प्रमुख कारण कुपोषण व जनजागरुकता में कमी है.
टीबी का संक्रमण हवा से फैलता है. एक टीबी मरीज से एक साल में कई मरीज संक्रमित होते हैं.
फेफड़े की टीबी शरीर के अन्य भाग की टीबी की तुलना में ज्यादा खतरनाक है.
परिवार में किसी को फेफड़े की टीबी है तो परिवार के सभी सदस्यों को टीबी के बचाव के लिए दवा लेने की आवश्यकता होती है.
कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें एक महीने के अंदर ही युवाओं की मौत हो गई.