16 महिलाओं समेत 64 माओवादियों का समर्पण
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की सीमा से लगे तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में 64 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. इनमें 16 महिलाएं भी शामिल हैं. इन माओवादियों ने कोतागुडेम एसपी कार्यालय में मल्टी जोन एक में आईजी चंद्रशेखर रेड्डी के सामने आत्मसमर्पण किया है.
आत्मसमर्पण करने वालों में सुकमा और बीजापुर जिलों के अलग-अलग बटालियन के सदस्य बताए जा रहे हैं. इनमें कई कैडर के माओवादी शामिल हैं. जिसमें डीवीसीएम, एसीएम, मिलिशिया और पीपीसीएम जैसे पदों पर कार्यरत माओवादी शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों के अंदर 122 से ज्यादा माओवादियों ने हथियार डाले हैं. राज्य सरकार समर्पण करने वाले माओवादियों को पुनर्वास योजना के तहत हर तरह से मदद कर रही है.
तेलंगाना पुलिस ने आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को 25-25 हजार रुपये नगद प्रोत्साहन राशि दी है.
प्रेसवार्ता में आईजी चंद्रशेखर रेड्डी, एसपी रोहित राज, भद्राचलम एएसपी और अन्य अधिकारी शामिल थे. छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित माओवादियों के ठिकानों पर सुरक्षा बलों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है.
सुरक्षाबल माओवादियों के सबसे सुरक्षित ठिकाने भट्टिगुड़ा तक पहुंच चुके हैं. सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के सेंट्रल कमेटी सदस्य सुदर्शन का स्मारक और ट्रेनिंग कैंप को ध्वस्त किया है.
पुलिस का दावा है कि यहां माओवादी कमांडर हिड़मा और देवी की बटालियन के साथ-साथ नए लड़ाकों को लड़ने के गुर सिखाए जाते थे.