बस्तर के 489 स्कूलों में खेल शिक्षक के पद रिक्त
छत्तीसगढ़ के बस्तर के 489 स्कूलों में खेल शिक्षक के पद रिक्त
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के स्कूलों में खेल शिक्षा का बुरा हाल है. संभाग के 489 स्कूलों में खेल शिक्षक ही नहीं हैं.
इसके बाद भी यहां के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जौहर राज्य और नेशनल स्तर पर दिखा रहे हैं.
बीते वर्ष बस्तर से कुल 2142 स्कूली खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया और पुरस्कार भी जीते हैं.
वहीं 350 बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. इन खिलाड़ियों को यदि सही मार्गदर्शन देने वाला शिक्षक मिल जाए तो ये खिलाड़ी काफी आगे तक जा सकते हैं.
बस्तर संभाग में कई प्रतिभावान खिलाड़ी मौजूद हैं. पर सही मार्गदर्शन के अभाव में इनकी खेल प्रतिभा ठीक से निखर नहीं पा रही है.
इसका सबसे बड़ा कारण है स्कूलों में खेल शिक्षकों का नहीं होना. जबकि स्कूलों में विद्यार्थियों से क्रीड़ा शुल्क वसूल किया जाता है.
इसके बाद भी स्कूलों में खिलाड़ियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. बगैर कोच के खिलाड़ी तैयारी करने को मजबूर हैं.
सालों से नहीं हुई नियुक्ति
बस्तर के सैकड़ों स्कूलों में सालों से खेल शिक्षकों की नियुक्तियां ही नहीं हुई हैं.
वहीं जिस स्कूल में खेल शिक्षक नियुक्त हैं उनमें से अधिकांश शहरी इलाकों में अपना अटैच करवा रखे हैं.
जिस वजह से शिक्षक होते हुए भी कई स्कूल शिक्षक विहीन हो गए हैं.
बस्तर संभाग में कुल 781 स्कूल संचालित हैं. इसमें 426 हाई स्कूल और 365 हायर सेकेण्डरी स्कूल हैं. इनमें सिर्फ 292 स्कूलों में ही खेल शिक्षक पदस्थ हैं.
जबकि 489 स्कूलों में खेल शिक्षक के पद रिक्त हैं. इनमें अधिकांश हायर सेकेण्डरी व हाई स्कूल शामिल हैं.
इतना ही नहीं बस्तर संभाग के सैकड़ों स्कूलों में खेल मैदान भी नहीं हैं. कुछ ही स्कूल हैं जहां सर्व सुविधायुक्त खेल मैदान हैं.
प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में खेल सुविधाओं की स्थिति तो और भी दयनीय है.
जबकि सरकार बस्तर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर साल लाखों रुपए खर्च करती है.
जिलेवार खेल शिक्षकों की स्थिति
संभाग के बस्तर जिला में कुल 176 स्कूल संचालित हैं, इनमें मात्र 41 स्कूलों में ही खेल शिक्षक पदस्थ हैं. जबकि 135 स्कूलों में खेल शिक्षकों के पद रिक्त हैं.
यही हाल कोण्डागांव जिले का भी है. यहां 159 स्कूलों में मात्र 53 स्कूलों में खेल शिक्षक हैं. बाकी 106 स्कूलों में यह पद रिक्त है.
संभाग के कांकेर जिले में सबसे ज्यादा 242 स्कूल संचालित हैं. इनमें से 99 स्कूलों में खेल शिक्षक पदस्थ हैं. बाकी 141 स्कूल खेल शिक्षक विहीन हैं.
इसी तरह नारायणपुर में 33 स्कूलों में 21 स्कूलों में खेल शिक्षक हैं. शेष 12 स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं.
दंतेवाड़ा के 59 में से 43 स्कूलों में खेल शिक्षक नियुक्त हैं. शेष 16 में पद रिक्त हैं.
सुकमा जिले के 50 स्कूलों में मात्र 123 स्कूलों के बच्चे खेल शिक्षक से गुर सीख पा रहे हैं. बांकी के 38 स्कूलों के बच्चों को खेल की बारीकियां बताने वाले शिक्षक नहीं हैं.
बीजापुर जिले में 62 स्कूलों में से 39 स्कूलों में खेल शिक्षक के पद रिक्त हैं. यहां के मात्र 23 स्कूलों में खेल शिक्षक पदस्थ हैं.