जवानों की सुरक्षा में चूक, बाल-बाल बचे
छत्तीसगढ़ जवानों की सुरक्षा में चूक, बाल-बाल बचे
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एसटीएफ के जवानों से भरी पिकअप को उड़ाने के लिए भारी भरकम मात्रा में विस्फोटक का उपयोग किया था. विस्फोट से सड़क पर करीब 5 से 6 फीट गहरा गड्ढ़ा हो गया है.
हालांकि इस बार माओवादी अपने इरादे पर कामयाब नहीं हो पाए. जब तक माओवादियों ने आईईडी विस्फोट किया जवानों से भरी पिकअप वाहन वहां से निकल चुकी थी.
फिर भी धमाके की चपेट में आने से 2 जवान घायल हो गए हैं. वहीं वाहन चालक को भी चोट आई है. तीनों को मामूली चोटें आई हैं और तीनों खतरे से बाहर हैं.
बीजापुर जिले में एक बार फिर माओवादियों ने नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे जवानों को निशाना बनाया. इस बार नेशनल हाइवे में मद्देड और भोपालपटनम के बीच गोरला के पास माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया.
माओवादियों ने कमांड सिस्टम से इस ब्लास्ट को अंजाम दिया. एक बार फिर जवानों की सुरक्षा में पुलिस के आला अधिकारियों से चूक हुई है.
हालांकि इस बार जवानों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ. लेकिन माओवादी अपनी पूरी तैयारी में थे.
इस बार भी नक्सल इलाके से जवानों को कैंप या फिर जिला मुख्यालय तक लाने के लिए बड़े वाहन का इस्तेमाल किया गया.
जबकि इससे पहले भी फोर्स की गाड़ियों को माओवादियों ने ब्लास्ट कर उड़ाया था.
साल 2023 में दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर में माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट तूफान वाहन को उड़ाया था. जिसमें डीआरजी के 10 जवान शहीद हुए थे. साथ ही चालक की भी मौत हुई थी.
इसके बाद इसी साल 6 जनवरी को ऑपरेशन से लौट रहे जवानों की स्कॉर्पियो वाहन को निशाना बनाया था. जवानों को वाहन में बैठाकर बीजापुर लाया जा रहा था.
माओवादियों ने वाहन को ब्लास्ट से उड़ाया दिया था. इस घटना में 8 जवान और एक वाहन चालक शहीद हो गए थे. वहीं गलती इस बार भी किया जा रहा था.
पिकअप वाहन को उड़ाने किया आईईडी ब्लास्ट
दरअसल रविवार को एंटी नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे एसटीएफ जवानों के वाहन पर गोरला नाला के पास मुख्य मार्ग में माओवादियों द्वारा वाहन के गुजरते ही आईईडी ब्लास्ट किया.
हालांकि विस्फोट की चपेट में पिकअप वाहन नहीं आया. जिसके चलते वाहन में सवार जवानों को कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ. दो जवान और वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं.
घायल जवान और वाहन चालक को पहले उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर ईलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर भेजा गया है. बताया गया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है.
बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ में लगातार माओवादियों को पहुंच रहे नुकसान से माओवादी पूरी तरह से बौखलाए हुए हैं और जवानों को निशाना बनाने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.
हालांकि इस ब्लास्ट से ज्यादा क्षति नहीं पहुंची है. माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी से बचने के लिए लगातार जवान सड़क के किनारे डी माइनिंग करते हैं लेकिन इस बार माओवादियों ने नेशनल हाईवे में आईईडी प्लांट किया था.