बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

सुरक्षा में चूक और साजिश ने ली एडिशनल एसपी की जान

H

Hupendra Sharma

09 जून 2025, 02:43 PM 4 मिनट में पढ़ें 25

सुरक्षा में चूक ने ली जान
सुरक्षा में चूक ने ली जान

सुकमा | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आकर कोंटा एडिशनल एसपी आकाश राव गिरीपुंजे की मौत हो गई. इस घटना में कोंटा थाना प्रभारी सोनम ग्वाला और एसडीओपी भानुप्रताप चंद्राकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. 


माओवादियों ने प्रेशर आईईडी को जमीन से करीब 2 फीट अंदर प्लांट किया था. इसलिए अफसर उसे भाप नहीं पाए.

विज्ञापन


मौके पर जिस तरह की स्थिति दिख रही है उससे लगता है कि माओवादियों ने कल ही आगजनी के बाद आईईडी प्लांट किया होगा. जिसकी चपेट में तीनों अधिकारी सुबह 6-7 बजे आ गए.


माओवादियों को पता था कि आगजनी की सूचना पर पुलिस जरूर पहुंचेगी. इसीलिए उसी जगह पर आईईडी प्लांट किया. एक तरह से पुलिस माओवादियों की साजिश में फंस गई. 


जेसीबी के पास ही लगाया था आईईडी

कथित माओवादियों ने रविवार की देर रात डोन्द्रा क्षेत्र के चिकवारगुड़ा स्थित गिट्टी खदान में खड़े एक जेसीबी वाहन को आग के हवाले कर दिया था.


सोमवार की सुबह खुद एडिशनल एसपी आकाश राव, एसडीओपी भानुप्रताप चंद्राकर और थाना प्रभारी सोनल ग्वाला समेत अन्य जवान मौका मुआयना करने घटनास्थल पहुंचे थे. 


सभी पैदल गश्ती कर यहां पहुंचे थे. जेसीबी के पास ही माओवादियों ने प्रेशर आईईडी बम लगा रखा था. एडिशनल एसपी आकाश राव का पैर जैसे ही आईईडी पर पड़ा जोरदार धमाका हुआ.


विस्फोट काफी शक्तिशाली था, जिस वजह से एडिशनल एसपी के दोनों पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए. जबकि उनके आगे और पीछे खड़े एसडीओपी और थाना प्रभारी भी बुरी तरह से घायल हो गए.

थाना प्रभारी और एसडीओपी घायल

घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे जवान घायल अवस्था में तीनों को कोंटा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. जहां इलाज शुरू होने से पहले ही एडिशनल एसपी आकाश राव ने दम तोड़ दिया.


थाना प्रभारी सोनम ग्वाला के दाहिने हाथ में काफी गंभीर चोट आई हैं और एसडीओपी भानुप्रताप चंद्राकर को भी इस ब्लास्ट से गंभीर चोटें आई हैं.


दोनों ही घायलों को बेहतर इलाज के लिए कोंटा से हेलीकॉप्टर की मदद से रायपुर रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है. उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है.


थाना से महज 2 किमी की दूरी पर हुई वारदात

दरअसल, सुरक्षा के लिहाज से आसपास के खदान वाले या सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले वाहनों को ठेकेदार पास में ही मौजूद सुरक्षा बलों के कैम्पों या थाना परिसर में खड़ा करते हैं.


जहां यह वारदात हुई वहां से थाना की दूरी महज 2 किलोमीटर और सीआरपीएफ कैंप की दूरी भी महज 2 किमी है. वहीं नेशनल हाइवे-30 से भी महज 100 मीटर दूर है.


रविवार को गिट्टी खदान के ठेकेदार ने अपने जेसीबी वाहन को वहीं खदान में छोड़ दिया और उसी रात माओवादियों ने यहां पहुंच वाहन में आगजनी की घटना को अंजाम दिया.


सोमवार सुबह यहां पहुंचे एडिशनल एसपी, थाना प्रभारी, एसडीओपी और अन्य जवानों को इसका बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि माओवादी यहां प्रेशर आईईडी लगाकर रख सकते हैं.


इसलिए जवानों के साथ बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम भी मौजूद नहीं थी. ऐसे में प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से इतनी बड़ी घटना घट गई.  

रायपुर घर पहुंचा पार्थिव शरीर

शहीद एएसपी आकाश राव गिरीपुंजे मूल रूप से रायपुर के रहने वाले थे.


तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर सोमवार को देर शाम रायपुर स्थित घर लाया गया.


पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही पूरा परिवार बिलख पड़ा. पत्नी स्नेहा गिरीपुंजे तिरंगे में लिपटे पति को गले लगाकर रोती रही.


परिजन उन्हें संभालते रहे, पर वह बार-बार पति के पास पहुंच कर रोने लग जाती थीं.


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई मंत्री और मेयर मीनल चौबे भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे.


बौखलाए माओवादी इस तरह की वारदात को दे रहे अंजाम

बस्तर के आईजी सुंदरराज पी का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन से माओवादियों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है.


बीते 21 मई को ही सीपीआई महासचिव बसवराजू मुठभेड़ में मारा गया था. जिसके बाद सुधाकर, भास्कर और अन्य पांच माओवादियों को मुठभेड़ में मारा गया, जिससे नक्सली पूरी तरह से बौखलाए हुए हैं. 


सुंदरराज पी ने कहा कि दो दिन पहले ही माओवादियों ने बीजापुर के भैरमगढ़ के पास नेशनल हाईवे-63 में एक ट्रक में आगजनी की थी.


इसके बाद रविवार को सुकमा जिले के कोंटा के डोन्द्रा क्षेत्र के चिकवारगुड़ा में मौजूद गिट्टी खदान में प्रेशर आईईडी लगाया. यह माओवादियों की कायरता का प्रमाण है.


उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच की जा रही है कि आईईडी पहले से बिछाई गई थी या जेसीबी जलाने के बाद लगाई गई. 


घटनास्थल पर डी माइनिंग की टीम के साथ ही फॉरेंसिक की टीम और आईईडी एक्सपर्ट टीम भी जांच कर रही है. 




यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP