रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने रची थी किसान के घर डकैती की साजिश, 15 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने रची थी किसान के घर डकैती की साजिश
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे खरोरा थाना क्षेत्र के केवराडीह गांव में किसान के घर हुई डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश किया है.
एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने ही डकैती की पूरी साजिश रची थी. पुलिस ने इस घटना में संलिप्त 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं.
दरअसल केवराडीह में तीन दिन पहले 7 नकाबपोश डकैतों ने एक किसान परिवार पर पिस्टल और तलवार अड़ाकर डकैती की थी.
पीड़ित किसान राधेलाल रात में अपने पूरे परिवार के साथ सो रहे थे. उनकी पत्नी, मां, एक बेटी और बहू अलग-अलग कमरे में सो रहे थे.
रात करीब 2 बजे डकैत उसके घर पहुंचे. डकैतों ने राधेलाल और उनकी पत्नी को तलवार और पिस्टल अड़ाकर धमकाया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लूट कर फरार हो गए.
डकैतों ने राधेलाल पर तलवार से वार भी किया था, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई थी.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मकान के पीछे के दरवाजे से भाग निकले थे. घटना की सूचना राधेश्याम ने खरोरा थाने में दर्ज कराई थी.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को शक था कि किसान राधेलाल भारद्वाज के घर में करोड़ों रुपये नकद और 16 किलो सोना छिपा हुआ है.
मुख्य साजिशकर्ता देवराज डहरिया ने इस अफवाह के आधार पर डकैती की योजना बनाई. देवराज ग्राम केवराडीह थाना खरोरा का रहने वाला है.
उसका राधेश्याम के घर आना-जाना था. इसी लालच में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया.
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर 10 विशेष टीमों का गठन किया गया था.
इन टीमों ने क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वाड की मदद से आरोपियों की पहचान की. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों को ट्रैक किया गया.
पूछताछ में जितेंद्र पाठक नामक आरोपी ने वारदात में संलिप्तता कबूल की, जिससे पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ.
पुलिस ने जिन 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें देवराज डहरिया, ईश्वर रामटेके, सप्तऋषि राज, अलख निरंजन रजक, जितेंद्र पाठक, तिलक वर्मा, किशन वर्मा, रूपेश साहू, पिंकू राजपूत, सूरज सेन,छत्रपाल उर्फ राजू, गज्जू चंद्रवंशी, प्रकाश मिश्रा, साहिल खान और सोना बारमते उर्फ सोनू शामिल है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, 15 मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी जब्त किए हैं. फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है.