अब तक खरीफ बीजों की दर घोषित नहीं, किसान लौट रहे बैरंग
छत्तीसगढ़ अब तक खरीफ बीजों की दर घोषित नहीं, किसान लौट रहे बैरंग
बेमेतरा | संवाददाताः खरीफ फसल के लिए बीज निगम द्वारा अब तक बीज की नई दर तय नहीं की गई है. जबकि 1 अप्रैल से खरीफ सीजन प्रारंभ हो गया है. नियम के अनुसार तो सीजन प्रारंभ होने से पहले ही मूल्य तय हो जाना था. दूसरी ओर सहकारी समितियों में खरीफ सीजन के लिए बीज का भंडारण प्रारंभ हो गया है.
लेकिन जब तक नई दर सूची जारी नहीं होगी किसान बीज का उठाव नहीं कर पाएंगे. इसके चलते किसानों के साथ ही समितियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. खरीफ सीजन के लिए सहकारी समितियों में बीज का भंडारण शुरू हो गया है. बीज निगम समितियों की मांग के अनुसार बीज की आपूर्ति शुरू कर दी गई है.
बीज निगम द्वारा धान के साथ अन्य बीजों की सप्लाई की जा रही है. लेकिन अभी तक समितियों में नई मूल्य सूची नहीं पहुंची है. जिसके चलते समिति प्रबंधक बीजों का वितरण शुरू नहीं कर पाएं हैं. प्रबंधक मूल्य सूची के इंतजार में बैठे हुए हैं. जबकि किसान बीज खरीदने समितियों में पहुंच रहे हैं. मजबूरी में किसानों को बैरंग लौटना पड़ रहा है.
क्षेत्र के किसानों का मानना है कि प्रारंभ में बीज का उठाव नहीं करने से बाद में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. समय पर बीज नहीं ले जाने से समितियों में कई बार बीज की किल्लत भी हो जाती है. बीज खत्म होने से मन चाहा बीज भी नहीं मिलता.
इस स्थिति में मजबूरी में जो मिला उसी को ले जाना पड़ता है. कई बार ऐसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है कि बीज के इंतजार में बोनी का समय भी निकल जाता है. इन्हीं सब परेशानियों से बचने के लिए समय रहते बीज का उठाव करना अच्छा होता है. साथ ही भीड़ से भी बचना होता है.
15 तरह के बीजों का करना है मूल्य तक
बीज निगम को 15 तरह के बीजों की दर तय करना है. इसमें धान मोटा, धान पतला और सुगंधित शामिल है.
इसी तरह कोदो, कुटकी, रागी, उड़द, मूंग, कुलथी, सोयाबीन, मूंगफली, तिल, ढेंचा, सनई एवं रामतिल शामिल हैं. समिति प्रबंधकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुसार बीज की मांग की गई है.
बेमेतरा जिले की आवश्यकता और मांग को देखते हुए बीज प्रबंधक ग्राम पथर्रा और ग्राम मोहगांव में संचालित केन्द्र को मांग पत्र प्रस्तुत किया गया है.
प्रस्तुत मांग पत्र के अनुसार बीज पहुंचाना भी शुरू कर दिया गया है. बताया गया कि जिले में खरीफ फसल के लिए इस सीजन साजा ब्लॉक मं 22325.50 क्विंटल धान बीज की जरूरत होगी.
किसानों की मांग के अनुसार समितियों के माध्याम से महामाया, स्वर्णा, राजेश्वरी और एमटीयू किस्म की धान के बीजों को उपलब्ध कराया जाना है. धान के अलावा सोयाबीन और अरहर बीज की भी डिमांड भेजी गई थी. यहां प्रारंभिक तौर पर 900 क्विंटल बीज की सप्लाई की जा चुकी है.