रायपुर मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के मामले में FIR
PTJNMC के प्रोफेसर पर एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है
रायपुर | संवाददाताः पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज, रायपुर की एक छात्रा ने अपने विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष सिन्हा पर यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं.
छात्रा की शिकायत पर मौदहापारा थाने में डॉ. सिन्हा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
छात्रा ने आरोप लगाया है कि डॉ. सिन्हा उसे बार-बार अपने केबिन में बुलाते थे और परेशान करते थे. व्यक्तिगत सवाल पूछकर गलत टिप्पणियां करते थे. कई पर जबरदस्ती छेड़छाड़ करते थे. इसका विरोध करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देते थे.
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. सिन्हा डिजिटल माध्यमों से भी उसे आपत्तिजनक प्रस्ताव देते रहे हैं.
डॉ. सिन्हा उन्हें पिछले एक साल से परेशान कर रहे थे. छात्रा ने कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट्स को सबूत के तौर पर पेश करने की बात कही है. छात्रा ने इससे पहले जनवरी माह में डॉ. सिन्हा की शिकायत डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन (डीएमई) से की थी. लेकिन जांच के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
इस दौरान छात्रा ने विभाग के अन्य स्टॉफ से भी मदद मांगी, लेकिन किसी ने साथ नहीं दिया.
इसके बाद छात्रा ने कॉलेज की आंतरिक कमेटी में शिकायत दर्ज कराई. जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए डॉ. सिन्हा को एचओडी के पद से हटा दिया गया. इसके बाद भी उनकी हरकतें बंद नहीं हुईं. लगातार परेशान होने के बाद युवती ने आखिरकार मौदहापारा थाने में एफआइआर दर्ज करवाई है.
छात्रा ने डर जताया है कि आरोपी डॉ. आशीष सिन्हा की ऊंची पहुंच के कारण उनके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.
बताया जा रहा है कि डॉ. आशीष सिन्हा चेक रिपब्लिक में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस में भाग लेने के लिए जाने वाले हैं. उनकी टिकट भी बुक हो चुकी है.