नक्सल मुक्त भारत राजनीतिक नारा- डी. राजा
छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त भारत राजनीतिक नारा- डी. राजा
जगदलपुर | संवाददाताः भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डी. राजा ने बस्तर में जारी एंटी नक्सल ऑपरेशन को लेकर बड़ा बयान दिया है. साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने के ऐलान को राजनीतिक नारा बताया है.
डी.राजा ने कहा है कि बस्तर में जारी एंटी नक्सल ऑपरेशन में कौन लोग मारे जा रहे हैं यह सार्वजनिक होना चाहिए. इसको लेकर केंद्र सरकार को लोकसभा में रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए. माओवादियों से लड़ाई के नाम पर आदिवासियों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी और आरएसएस देश को संविधान और मानवाधिकारों से दूर ले जा रहे हैं.
उन्होंने बस्तर में हो रहे एनकाउंटर्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को माओवादी बताकर मारा जा रहा है. आलोचना करने वालों को अर्बन माओवाद कहकर जेल में डाला जा रहा है. सीपीआई नेताओं पर भी यूएपीए जैसे कठोर कानून लगाकर गिरफ्तार किया जा रहा है.
पार्टी को पुनर्गठित करेगी सीपीआई
सीपीआई के राष्ट्रीय सचिव डी.राजा ने कहा कि उनकी पार्टी खुद को पुनर्गठित करेगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी.
पंचायत चुनाव में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है. इससे कार्यकर्ताओं में भी उर्जा का संचार हुआ है. अब पार्टी को नए सिरे से पुनर्गठित करेंगे और ज्यादा ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे.
उन्होंने एनएमडीसी के वेतन समझौते को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर कहा कि सरकार मजदूरों की बात सूनना नहीं चाहती. वह सिर्फ पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है.
उनकी मांग है कि मजदूरों से बात करें और उनकी मांगों को पूरा करें.
विपक्षियों से एक जुटता की अपील
उन्होंने बीजेपी सरकार के वन नेशन, वन इलेक्शन के प्रस्ताव को अव्यवहारिक बताते हुए इसका विरोध किया है.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं. जबकि किसानों को एमएसपी पर ठगा गया है.
उन्होंने आरोप लगाया है कि फॉरेस्ट राइट एक्ट में बदलाव कर आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है. श्रमिक कानूनों को कॉरपोरेट हित में बदला गया है. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी विपक्षी दल एक साथ आएं और संविधान को बचाने के लिए बीजेपी के खिलाफ मजबूती से लड़ें.