नया रायपुर में NIFT कैंपस को मिली मंजूरी
रायपुर | संवाददाताः मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में गुरुवार को कैबिनेट की बैठक हुई. इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
साय कैबिनेट ने परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को सौगात दी है. सरकार ने पीएससी और व्यापम अभ्यर्थियों की फीस वापस करने का निर्णय लिया है.
इसके अलावा नवा रायपुर में राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान यानी एनआईएफटी के कैम्पस को मंजूरी दी गई है.
छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने 10 साल से अधिक पुराने लंबित मामलों में 25 हजार तक की वैट देनदरियों को माफ करने का निर्णय लिया गया है.
आज की बैठक में परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के हित में बड़ा निर्णय लिया गया.
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल और विशेष कनिष्ठ कर्मचारी चयन बोर्ड, सरगुजा/बस्तर/बिलासपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं में स्थानीय निवासी अभ्यर्थी जो परीक्षा अथवा साक्षात्कार में उपस्थित होंगे उन्हें उनके द्वारा दी गई परीक्षा शुल्क की राशि वापस की जाएगी.
सरकार का मानना है कि इससे परीक्षा में शामिल होने वाले बच्चों की संख्या बढ़ेगी.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सहकारिता को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य के सहकारी शक्कर कारखानों से अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक आवश्यक शक्कर खरीदा जाएगा.
इसके लिए शक्कर का क्रय मूल्य 37 हजार रुपए प्रति टन निर्धारित किया गया है.छोटे व्यापारियों के हित में फैसला
स्थानीय छोटे रोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड को राज्य में हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र स्थापित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है.
इसके लिए 100 एकड़ भूमि को टोकन दर पर आवंटित किया जाएगा.
इसी प्रकार नगरीय निकायों में जैव अपशिष्ट सह कृषि अपशिष्ट के निपटारे के लिए बायो-सीएनजी संयंत्र स्थापित करने रियायती लीज दरों पर भूमि आबंटन की जाएगी.
इसके आगे की कार्रवाई के लिए नगरीय प्रशासन विभाग एवं संबंधित नगर निगमों को अधिकृत किया है.
एनआईएफटी के कैम्पस को मंजूरी
कैबिनेट की बैठक में राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में एनआईएफटी के कैम्पस को मंजूरी दी गई.
इस परियोजना की कुल संभावित लागत करीब 271.18 करोड़ रुपये होगी.
इसमें भूमि क्रय हेतु 21.18 करोड़, भवन निर्माण के लिए 200 करोड़ और मशीनरी, फर्नीचर आदि के लिए 50 करोड़ रुपये का व्यय शामिल है.
बताया गया कि इस संस्थान की स्थापना से फैशन शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के युवाओं को नए अवसर मिलेंगे.
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान भारत में फैशन शिक्षा का एक प्रमुख संस्थान है, जिसकी स्थापना 1986 में कपड़ा मंत्रालय, भारत सरकार के तहत हुई थी.
इसके पूरे भारत में 17 परिसर हैं, जिनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु शामिल हैं.
यह संस्थान फैशन डिजाइन, प्रबंधन और प्रौद्योगिकी में स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रदान करता है.