नगरीय निकाय चुनावः कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसे ‘जन घोषणा पत्र’ नाम दिया गया है.
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए कई वादे किए हैं. महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है.
महिलाओं के लिए घाटों व तालाबों में चेंजिंग रूम, व्यापारिक क्षेत्रों में महिला प्रसाधन, चौक-चौराहों व स्कूल-कॉलेज के समीप सीसी कैमरा की व्यवस्था, स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं को मुफ्त सेनेटरी नैपकिन देने जैसे कई वादे कर महिलाओं को लुभाने का भरपूर प्रयास किया है.
घोषणा पत्र जारी करने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, प्रमोद दुबे, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में कहा है कि महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार देने विशेष पहल की जाएगी.
आटो-ई-रिक्शा के लिए पार्किंग-चार्जिंग की व्यवस्था
कांग्रेस ने वादा किया है कि नगर की सत्ता में आते ही ऑटो रिक्शा/ई-रिक्शा के लिए सर्व-सुविधायुक्त पार्किंग व चार्जिंग की व्यवस्था की जाएगी.
श्रद्धांजलि राशि योजना के बीपीएल कार्डधारियों को 2000 से बढ़ाकर 5000 रुपए किया जाएगा.
संपत्तिकर, समेकितकर एवं जल उपभोक्ता शुल्क का घर बैठे भुगतान की सुविधा दी जाएगी.
आगामी 6 माह में जहां-जहां ऑनलाइन भवन अनुज्ञा की सुविधा नहीं है वहां सुविधा दी जाएगी.
मकान आबंटन प्रक्रिया को और सरलीकृत एवं पारदर्शी करते हुए सभी आवासहीनों को पात्रतानुसार मकान दिया जाएगा.
प्रत्येक वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मी की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी.
सभी निकायों में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सर्व-सुविधायुक्त निःशुल्क लायब्रेरी खोली जाएगी.
अनियमित कर्मचारियों को किया जाएगा नियमित
निगमों के अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा.
नगरीय निकाय के द्वारा आमजनों को दशगात्र, बेटी विवाह जैसे अन्य कार्यक्रमों में पानी टैंकर निःशुल्क प्रदाय किया जाएगा.
यूजर चार्ज का युक्ती-युक्तकरण किया जाएगा. शहर को धूल मुक्त बनाने आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. पौनी-पसारी योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.
चलित ठेले व्यवसायियों को संरक्षण दिया जाएगा एवं वार्डों के प्रमुख स्थानों पर वेंडिग-जोन चिन्हांकित कर व्यवसाय हेतु उचित स्थान दिया जाएगा.
विकास कार्य में पारदर्शिता, सामूहिक जिम्मेदारी एवं कसावट की दृष्टि से निकायों के अध्यक्षों के पूर्ववर्ती सरकार द्वारा दिए गए अधिकार वापस करते हुए प्रत्येक भुगतान में नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों के चेक हस्ताक्षर करने के अधिकार वापस दिलाने हेतु प्रयास किया जाएगा.
बेटी की शादी के लिए भवन मुफ्त
कांग्रेस ने कहा है कि बेटी की शादी के लिए सभी निकाय क्षेत्रों में सामुदायिक भवन को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा.
सामुदायिक भवन की ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम लागू करेंगे.
शासकीय भूमि पर काबिज भूमिहीन व्यक्तियों को भूमि धारण करने हेतु धारणा अधिकार दिया जाएगा.
सभी को पात्रतानुसार वृध्दा, दिव्यांग एवं निराश्रितों को पेंशन सुविधा प्राप्त हो सुनिश्चित किया जाएगा.
सभी सरकारी स्कूल एवं आत्मानंद स्कूल में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा.
सभी वार्डों में सर्व सुविधायुक्त आंगनबाड़ी केन्द्र
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में यह भी वादा किया है कि सभी वार्डों में सर्व-सुविधायुक्त आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण किया जाएगा.
जन्म-मृत्यु एवं मैरिज सर्टीफिकेट को घर पहुंच सुविधा प्रदान की जाएगी.
युवाओं को रोजगार देने के लिए सभी निकाय क्षेत्रों में यूथ हब बनाया जाएगा.
सार्वजनिक स्थलों पर मुफ्त वाई-फाई सुविधा प्रदान करेंगे.
कांग्रेस शासित सभी निकायों में जनता को उनके कार्यों के पूर्ण होने की समय सीमा निर्धारित कर सिटीजन चार्टर बनाया जाएगा.
संपत्तिकर की राशि नियमित समयावधि पर भुगतान करने पर विशेष छूट प्रदान की जाएगी.
सभी नगर निगमों में पत्रकारों के लिए हाईटेक रेस्ट रूम बनाया जाएगा. सभी वार्डों में सब्जी बाजार बनाया जाएगा.
साथ ही नगरों को आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाई जाएगी.