महाकुंभ अब मृत्युकुंभ में बदला- ममता
कोलकाता | संवाददाताः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को लेकर जो बयान दिया उस पर विवाद पैदा हो गया है.
उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते कहा है कि महाकुंभ 'मृत्यु कुंभ' में बदल गया है.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि मैं महाकुंभ और गंगा मां का सम्मान करती हूं.
ममता बनर्जी ने यह बयान विधानसभा में बजट सत्र के दौरान दिया.
उन्होंने महाकुंभ में हुए भगदड़ की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा है कि महाकुंभ के लिए यूपी सरकार ने कोई योजना तैयार नहीं की है.
भगदड़ में कई लोग मारे गए, लेकिन उनके बारे में कुछ पता नहीं चल रहा है. कई लोग तो अब तक मिले भी नहीं हैं.
उन्होंने कहा कि महाकुंभ में वीआईपी लोगों को खास सुविधाएं दी जा रही हैं. उनके लिए अलग से शिविर तैयार किया गया है.
लेकिन गरीबों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है. मेले में भगदड़ की स्थिति आम है. व्यवस्था करना जरूरी है.
लेकिन वहां की सरकार कोई योजना नहीं बनाई जिस वजह से अव्यवस्था का आलम है.
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब सांप्रदायिकता के बारे में बोलना या किसी धर्म के खिलाफ भड़काना नहीं है.
आप देश को बांटने के लिए धर्म बेचते हैं. मैंने यहां कुछ वीडियो देखे हैं जिसमें शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह हिंदू धर्म के बारे में बोल रहे हैं और इसलिए उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया है.
मैं कभी भी किसी धार्मिक मामले को भड़काने की बात नहीं करती.
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है.
अगर भाजपा यह साबित कर दे कि मेरा बांग्लादेशी कट्टरपंथियों से संबंध है, तो मैं इस्तीफा दे दूंगी.
विधानसभा में ममता बेनर्जी द्वारा महाकुंभ पर दिए बयान के बाद विपक्ष के नेताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन भी किया.