घर के बाथरूम में घुसा तेंदुआ
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सोनामगर गांव के एक घर में तेंदुआ घुस गया. इसकी जानकारी लगते ही गांव में हड़कंप मच गया.
इस दौरान ग्रामीण भागते और चिल्लाते हुए नजर आए. 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घर से निकलते ही तेंदुआ पास के जंगल की ओर भाग गया.
बताया गया कि रविवार को सोनामगर गांव में किराना व्यापारी उत्तम साहू के घर के बाथरूम में अचानक तेंदुआ घुस गया.
इसके बाद अंदर से दरवाजा बंद हो गया. तेंदुआ बाथरूम के अंदर से दहाड़ने लगा. जिसे सुन कर घर वाले घबरा गए और बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया. घर में मौजूद लोगों को पता ही नहीं चला कि तेंदुआ कब और कैसे अंदर आ गया.
बताया गया कि जिस बाथरूम में तेंदुआ घुसा था, उसका उपयोग नहीं किया जा रहा था. वहां कुछ सामान रखा हुआ था.
इस घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. घर के पास ही जगंल और पहाड़ी इलाका होने के कारण एक सुरक्षित निकास मार्ग बनाया गया.
गांव में मुनादी कर लोगों को घर से बाहर निकलने से मना किया गया. इसके बाद तेंदुए को सुरक्षित बाथरूम से बाहर निकाला गया. घर से निकलते ही तेंदुआ पास के जंगल की ओर भाग गया. तेंदुए के निकल जाने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली.
वन विभाग ने ग्रामीणों को देर रात गांव से बाहर न निकलने की हिदायत दी है.