कोरबा सड़क हादसा: दो नाबालिगों की दर्दनाक मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और रफ्तार का कहर एक बार फिर दो चिरागों को बुझा गया. दीपका थाना अंतर्गत लिटियाखार गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. इस भीषण दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो नाबालिगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार शाम उस वक्त हुई जब करण चौहान (16 वर्ष) अपने साथी राजा नेटी (14 वर्ष) के साथ तिवरता से लिटियाखार की ओर लौट रहा था. मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण बाइक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे पेड़ से जा भिड़ा.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. बिना हेलमेट सफर कर रहे दोनों किशोरों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई. घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और परिजनों को इस दुखद घटना से अवगत कराया.
शवों को रात में अस्पताल के चीरघर में रखवाया गया, जिसके बाद शनिवार सुबह पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. पुलिस ने वाहन (क्रमांक CG 12 BQ 4982) को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है.
इस दोहरे हादसे के बाद से क्षेत्र और मृतक बालकों के परिजनों में मातम छा गया है. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से बेहद भावुक अपील करते हुए कहा है कि अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी हाल में वाहन चलाने न दें और खुद भी वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें.