छत्तीसगढ़ के इस गांव में 65 साल से नहीं हुआ होलिका दहन
बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक ऐसा भी गांव है जहां विगत 65 साल से होली नहीं जलाई जा रही है. होलिका दहन के दूसरे दिन रंग गुलाल भी नहीं खेलते. हालांकि इस त्यौहार के चार दिन बाद, इस गांव में सामूहिक रूप से होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है. जिसमें ग्रामीण जमकर रंग और गुलाल का उपयोग करते हैं.
इस गांव का नाम चंदनबिरही है. यह गांव बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड के अंतर्गत आता है. चंदनबिरही में साल 1962 के बाद से होली नहीं जलाई जा रही है.
ग्रामीणों ने इसे लेकर एक मान्यता का जिक्र किया. ग्रामीणों के मुताबिक फागुन के महीने में गर्भवती महिलाओं के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो जाती थी. ग्रामीणों को कुछ समझ नहीं आ रहा था, आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. बच्चे गर्भ में ही क्यों खत्म हो रहे हैं. इस घटना से परेशान क्षेत्र के राजा निहार सिंह इसका हल जानने वृंदावन गए.
वहां से लौटने के बाद राजा ने बताया कि इस घटना को रोकना है तो गांव में होली जलाना बंद करना पड़ेगा. इसके अलावा होली के समय गांव में सात दिन का रामसत्ता का आयोजन भी करना पड़ेगा. राजा के इस सुझाव पर सभी ग्रामीण सहमत हो गए और तब से गांव में होली नहीं जलाई जा रही है. उसी समय से होली पर्व के समय गांव में रामसत्ता का आयोजन किया जाता है.
होली के चार दिन बाद रामसत्ता के छठवें दिन दही लूट का आयोजन होता है. उसी दिन गांव में होली का पर्व मनाते हैं. गांव की महिलाएं और पुरुष एक जगह इकट्ठा होते हैं और सामूहिक होली खलते हैं. इस साल 17 मार्च को चंदनबिरही में होली का त्यौहार मनाया जाएगा.
ग्रामीणों ने बताया कि चंदनबिरही की इस खास होली को देखने के लिए बड़ी संख्या में दूर-दूर से लोग भी आते हैं.
बैगा-आदिवासी टेसू के फूल से ही रंग बनाकर खेलते हैं होली
इधर छत्तीसगढ़ के नवांचल क्षेत्रों के बैगा-आदिवासी आज भी टेसू के फूल से ही रंग बनाकर होली खेलते हैं. कवर्धा जिले के वनांचल क्षेत्रों में पलाश के फूलों के रंग से ही होली खेलने की परंपरा है.
पंडरिया और बोड़ला ब्लॉक के वनांचल क्षेत्रों में बैगाओं की होली पारंपरिक होती है.
यहां के निवासी होलिका दहन के दूसरे दिन सुबह राख और मिट्टी से भी होली खेलते हैं. इसके बाद ही रंग और गुलाल से होली खेलते हैं.
बैगा आदिवासी पलाश के फूल को जंगल से तोड़कर लाकर घर में रंग तैयार करते हैं. पलाश के फूलों को रातभर पानी में भिगोकर रखने पर ये फूल अपना रंग पानी में छोड़ देते हैं. इससे पानी रंग-बिरंगा हो जाता है.
इसी पानी से नवांचल के लोग होली खेलते हैं. वहीं पलाश के फूल का गुलाल बनाने के लिए फूल को सुखाकर पीसना पड़ता है. पीसने पर सुंदर नारंगी रंग का गुलाल बन जाता है. इस गुलाल को आटे में मिलाकर भी होली खेली जाती है.
इसके अलावा पलाश के केसरिया रंग में सतकथा की राख डाल देते हैं. पंडरिया और बोड़ला के जंगल में पलाश के फूल आसानी से मिल जाते हैं. इसके सिंदूरी लाल रंग की काफी मांग है.
पालक भाजी-चुकंदर से महिलाएं बना रहीं गुलाल
इधर राजनांदगांव जिले में महिला समूह की महिलाएं पालक भाजी, चुकंदर, नीम के पत्ते, पलाश के फूल और हल्दी से हर्बल गुलाल बनाकर बाजार में बिक्री कर रही हैं.
इस सीजन में अभी तक समूह की महिलाएं करीब 30 क्विंटल हर्बल गुलाल तैयार कर बाजार में बेच चुकीं हैं.
इस गुलाल को महिलाएं छत्तीसगढ़ ही नहीं मध्यप्रदेश में भी सप्लाई कर रही हैं.
मां बम्लेश्वरी महिला समूह की संचालिका पद्मश्री फुलबासन बाई यादव ने बताया कि स्वदेशी को बढ़ावा देने व केमिकल युक्त रंग गुलाल से होने वाले नुकसान से बचने यहां की महिलाएं हर्बल गुलाल बना रही हैं.
इसके लिए अलग से हरियाली बहिनी महिला समूह बना कर महिलाओं को इससे जोड़ा गया है. अब तक 30 क्विंटल गुलाल बनाकर बाजार में बिक्री के लिए भेजा जा चुका है.
फुलबासन ने बताया कि समूह की महिलाओं द्वारा पालक भाजी, चुकंदर, नीम पत्ती, पलाश के फूल और हल्दी के रस को निकाल कर अरारोड में मिलाकर हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है. इसके लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है.
उन्होंने बताया कि इस गुलाल की मांग छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश में काफी है. महिलाओं द्वारा बनाए इस गुलाल को कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा में भी सप्लाई की गई है.
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस हर्बल गुलाल को बड़ी मात्रा में बनाकर पूरे देश में सप्लाई करने का लक्ष्य रखा गया है.