रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

जंगल सफारी लाए जा रहे हिमालयन भालू की मौत के लिए कौन है जिम्मेवार ?

नागालैंड से रायपुर जंगल सफारी लाए जा रहे भालू की मौत

C

CG Khabar

24 फ़र. 2025, 02:58 PM 11 मिनट में पढ़ें 18

जंगल सफारी
जंगल सफारी

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जंगल सफारी में नागालैंड से लाये जा रहे 6 साल के एक नर हिमालयन भालू की मौत के बाद वन विभाग में फिर से डॉक्टर राकेश वर्मा को लेकर सवाल उठने शुरु हो गए हैं.


गौरतलब है कि नागालैंड के धीमापुर जू से 2 हिमालयन भालू रायपुर के जंगल सफारी लाए जा रहे थे. इनमें से एक भालू की रास्ते में ही मौत हो गई. दावा किया गया कि नर-मादा का जोड़ा बर्फ की सिल्ली के बीच लाया जा रहा था, लेकिन पं. बंगाल के चेक पोस्ट पर 6 जगह जांच के लिए रोका गया और दस्तावेज दिखाने के बावजूद कहीं 2 घंटे तो कहीं तीन घंटे तक रोके रखा गया. जिसके कारण बर्फ की सिल्ली पिघल गई और एक भालू की मौत हो गई.

विज्ञापन


दिलचस्प ये है कि जिस वाहन में भालू को लाया जा रहा था, वह पूरी तरह से एयर कंडिशन वाहन है. इसके अलावा वाहन के भीतर सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है. ऐसे में वन विभाग के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं.


जिन इलाकों में गरमी का हवाला दिया जा रहा है, वहां का तापमान छत्तीसगढ़ से बहुत कम है. लोग अभी भी उन इलाकों में स्वेटर पहन रहे हैं.


जिस वाहन में भालू को लाया जा रहा था, उसके अलावा दो वाहन छत्तीसगढ़ शासन के साथ में थे. इन सभी वाहनों को टोल से भी छूट के आदेश दिए गये थे. ऐसे में इस बात की जांच की ज़रुरत है कि दूसरे वाहनों में सवार डॉक्टर कहां थे? अगर बर्फ की सिल्ली कथित रुप से पिघल गई थी तो उसका इंतजाम करने की जिम्मेवारी किसकी थी?


डॉक्टर राकेश वर्मा पर मेहरबान विष्णुदेव साय की सरकार


भालूओं को नागालैंड के वन विभाग ने जिस रायपुर के जंगल सफारी के चिकित्सक को सौंपा था, वे लगातार जानवरों की मौत के लिए जिम्मेवार ठहराए जा चुके हैं. अब हिमालयन भालू की मौत में भी उनका नाम जुड़ गया है.


इसी डॉक्टर राकेश वर्मा के कारण जंगल सफारी में बड़ी संख्या में जानवर मारे गये थे. इस डॉक्टर पर करोड़ों के घपले की जानकारी छुपाकर वन विभाग में संविलयन की भी जांच हो चुकी. विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने भी इस डॉक्टर के ख़िलाफ़ कार्रवाई के निर्देश दिए थे.


लेकिन इस डॉक्टर के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने में वन विभाग के अधिकारियों के हाथ कांप रहे हैं.


कौन हैं डॉक्टर राकेश वर्मा


पिछले साल अकेले अगस्त के महीने में जंगल सफारी में 23 काले हिरणों की मौत हो गई थी. इस जंगल सफारी के 36 में से 35 काले हिरणों की कुछ महीनों के भीतर मौत हो चुकी है.


इससे पहले 2023 में डॉक्टरों की लापरवाही से 17 चौसिंगा मारे जा चुके हैं.


लेकिन इन मौतों के लिए ज़िम्मेवार जंगल सफारी के डॉक्टर राकेश वर्मा को तमाम तरह के आरोप, जांच और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह के निर्देश के बाद भी वन विभाग ने हटाने की ज़रुरत नहीं समझी.


नवंबर में 17 चौसिंगा की मौत के बाद जब मामला विधानसभा में उठा तो पता चला कि आरोपी चिकित्सक जानवरों की मौत के सिलसिले के बीच, लिखित में मना करने के बाद भी छुट्टी मनाने चला गया था.


कूट रचना, फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनाने, जमानत पर रिहा होने की जानकारी छुपाने जैसे तमाम आरोप इस डॉक्टर के ख़िलाफ़ जांच में सही पाए गए.


इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने इस डॉक्टर को हटाने के निर्देश दिए.


लेकिन राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप के कथित रुप से करीबी होने की चर्चा के बीच आरोपी चिकित्सक के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने से वन विभाग पीछे हट गया.


शीर्ष वन अधिकारियों का हाल ये है कि जिन जानवरों की मौत के लिए इस चिकित्सक को ज़िम्मेवार माना गया, उसके लिए राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यप्राणी सुधीर अग्रवाल इस मामले में शुरु से ही डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा को बचाने के लिए महज 'चेतावनी देने' की अनुशंसा कर चुके हैं.


यहां तक कि राकेश कुमार वर्मा की नियुक्ति की गड़बड़ी के मामले में भी चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन सुधीर अग्रवाल ने कोई कार्रवाही नहीं की.


जानवरों की मौत और छुट्टी मनाते चिकित्सा अधिकारी


चौसिंगा भारत के वन्यप्राणियों की अनुसूची एक का प्राणी है. इसी श्रेणी में बाघ और दूसरे जानवर रखे गए हैं.


छत्तीसगढ़ के जंगल सफारी में नवंबर 2023 में 17 चौसिंगा की मौत के मामले में वन विभाग द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट बताती है कि 24 नवंबर 2023 को कई चौसिंगा की बीमारी की सूचना देने के बाद भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी राकेश कुमार वर्मा जंगल सफारी नहीं पहुंचे. इसके उलट अगले दिन वे 10.30 बजे जंगल सफारी पहुंचे.


जांच दल के अनुसार अगर समय से जानवरों का इलाज शुरु किया जाता तो इनकी जान बचाई जा सकती थी. लेकिन राकेश वर्मा द्वारा अत्यधिक लापरवाही बरती गई.


जांच दल ने पाया कि बड़ी संख्या में चौसिंगा के मृत्यु की जानकारी भी डॉक्टर राकेश वर्मा ने जंगल सफारी के संचालक को नहीं दी. चौसिंगा की मौतों का सिलसिला अगले कई दिनों तक जारी रहा.


चौसिंगा की मौत के लिए गठित जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि अनुसूची-एक में शामिल वन्यप्राणियों की आकस्मिक मृत्यु हो रही थी, इसकी परवाह किए बिना, डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के 26 नवंबर से 30 नवंबर तक अवकाश पर चले गए.


डॉक्टर राकेश वर्मा पर आरोप है कि वे बिना अनुमति के और मना करने के बाद भी तब अवकाश पर गए, जब उन्हें पता था कि उनकी अनुपस्थिति में जंगल सफारी की कनिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सोनम मिश्रा जंगल सफारी में अनुपस्थित थीं.


जांच दल ने कहा कि अगर डॉक्टर राकेश वर्मा ने यह कदाचार नहीं किया होता तो कई चौसिंगा नहीं मरते.


डॉ. वर्मा ने बनाई फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
 

मरते हुए चौसिंगा को छोड़ कर छुट्टी मनाने चले गए डॉक्टर राकेश वर्मा ने इसके बाद भी फर्ज़ीवाड़ा करने में कमी नहीं की.


जांच दल की रिपोर्ट के अनुसार डॉक्टर वर्मा ने छुट्टी पर जाने से पहले पांच चौसिंगा में से केवल 2 चौसिंगा का ही पोस्टमार्टम किया गया और फिर पांच चौसिंगा की पोस्टमार्टम की फर्ज़ी रिपोर्ट तैयार कर दी.


जांच दल ने सवाल उठाए कि बिना पोस्टमार्टम के ही अगर चौसिंगा का दाह संस्कार करना था तो फर्ज़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट क्यों तैयार की गई?


लेकिन इतने सारे गंभीर आरोपों के बाद भी राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यप्राणी सुधीर अग्रवाल ने एक चिट्ठी जारी कर डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा को महज 'चेतावनी देने' का सुझाव दे कर, अपनी तरफ से छुट्टी पा ली.


क़ानून के जानकार मानते हैं कि ऐसे मामलों में निलंबन के बजाय महज चेतावनी जारी करना, बताता है कि सुधीर अग्रवाल ने राकेश कुमार वर्मा को किसी भी तरह की कार्रवाई से बचाने की कोशिश की.


वन विभाग में संविलयन में फर्जीवाड़ा


डॉक्टर राकेश वर्मा के ख़िलाफ़ 8 करोड़ 44 लाख के घोटाले का आरोप भी रहा है.


इस मामले की शिकायत पिछले साल आम आदमी पार्टी की प्रियंका शुक्ला ने वन विभाग के शीर्ष अधिकारियों से लिखित में की थी. जांच में आरोप सही पाए गए.


लेकिन इस मामले में शीर्ष अधिकारियों ने राकेश कुमार वर्मा के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं की.


शिकायत के अनुसार पशु चिकित्सक डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा, पिता एल के वर्मा 30.08.2006 से 23.07.2007 तक सहायक परियोजना अधिकारी के तौर पर ज़िला पंचायत, कांकेर में कार्यरत थे. इस दौरान डॉक्टर राकेश वर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ मिल कर राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में 8 करोड़, 44 लाख, 60 हज़ार, 719 रुपये रुपये का कपटपूर्ण दुर्विनियोग किया था.


इस मामले में राकेश वर्मा के ख़िलाफ़ 2010 में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, रायपुर द्वारा धारा 409, 420, 120 (बी) भारतीय दंड संहिता और धारा 13 (1) सी, 13 (1)डी, 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अपराध क्रमांक 58/2010 दर्ज किया गया था. इस मामले में श्री वर्मा को निलंबित भी किया गया था. लेकिन 8.44 करोड़ के घोटाले के आरोपी राकेश वर्मा की गिरफ़्तारी नहीं हुई.


इस बीच आरोपी राकेश कुमार वर्मा पशु चिकित्सा विभाग से, प्रतिनियुक्ति पर वन विभाग में काम करने लगे. 2018 में आरोपी डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा का संविलयन वन विभाग में कर दिया गया.


दिलचस्प यह है कि वन विभाग द्वारा राज्य शासन को जिन अधिकारियों के संविलयन का प्रस्ताव भेजा था, उस प्रस्ताव में डॉक्टर राकेश वर्मा का नाम ही शामिल नहीं था. लेकिन इस मामले में भ्रामक स्थिति बना कर डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा का वन विभाग में गैरक़ानूनी तरीके से संविलयन कर दिया गया.


इस दौरान डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा ने अपने खिलाफ दर्ज इस मामले को छुपा कर रखा और वन विभाग को कभी भी इस संदर्भ में जानकारी नहीं दी.


हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत


2022 में 8.44 करोड़ के घोटाले के आरोप में डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा की गिरफ़्तारी की सुगबुगाहट शुरु हुई तो डॉक्टर राकेश वर्मा ने कांकेर की स्थानीय न्यायालय में जमानत याचिका दायर की.


मामले की गंभीर प्रकृति को देखते हुए न्यायालय ने जमानत याचिका खारिज़ कर दी.


इसके बाद आरोपी डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में जमानत के लिए याचिका दायर की, जिसे अदालत ने सशर्त स्वीकार कर लिया.


अदालती कार्रवाई के दौरान डॉक्टर राकेश कुमार वर्मा कांकेर और उच्च न्यायालय में उपस्थित रहे लेकिन उन्होंने न तो वन विभाग को इसकी जानकारी दी और न ही वन विभाग से इस संबंध में कोई स्वीकृति हासिल की, जो अपने आप में अपराध है.


इस पूरे मामले की जांच कर के प्रतिवेदन शीर्ष अधिकारियों को भेजा गया. लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई.


समझना मुश्किल नहीं है कि राज्य का वन विभाग, इन मामलों में आरोपी के साथ खड़ा है. कम से कम जंगल सफारी में होने वाली जानवरों की मौत की परवाह तो उसे नहीं ही है.


मामले की उच्चस्तरीय जांच हो-सिंघवी


वन्यजीव प्रेमी नितिन सिंघवी ने कहा है कि भालू को लेकर आ रहे वाहन रोकने का प्रश्न ही नहीं उठता. वन विभाग के उक्त दावे को खोखला और जनता को दिग्भ्रमित करने वाला बताते हुए रायपुर के नितिन सिंघवी ने कहा कि जो गाड़ी भालू को लेकर आ रही थी, उसके वाहन चालक के पास नागालैंड जूलॉजिकल पार्क द्वारा सभी संबंधितों के लिए जारी प्रमाण पत्र था. प्रमाण पत्र में लिखा था कि वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत इन्हें किसी भी प्रकार के ट्रांजिट परमिट की जरूरत नहीं है. अगर वाहनों को रोका जा रहा था, तो छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के अधिकारियों से बात कर हस्तक्षेप क्यों नहीं किया? जबकि छत्तीसगढ़ से जो हिरण ले गए थे उनको तो ले जाने में कहीं पर देरी नहीं हुई और ना ही कोई चेकिंग हुई.


सिंघवी ने कहा जहां तक गर्मी से भालू मरने की बात है, वन विभाग का यह दावा भी खोखला है क्योंकि उत्तर पूर्व से लेकर छत्तीसगढ़ तक ऐसी गर्मी नहीं पड़ रही कि भालू की मौत गर्मी से हो जाए. जानकारी के अनुसार असम से ही 2014 की तेज गर्मी में ट्रेन से भालू लाये गए थे, 12 घंटे हावड़ा में ट्रेन रुकी रही तब कोई भी भालू नहीं मरा था. नियमानुसार वन विभाग जानवरों के ट्रांसपोर्टेशन के लिए वातानुकूलित वाहन उपयोग करता है, उनमें स्प्रिंकलर भी लगा रहता है.


नितिन सिंघवी ने कहा कि अगर वाहन वातानुकूलित नहीं था तो उसमे ठंडी जगह रहने वाले हिमालयन भालू क्यों लाया गया? दोनों भालू जब नागालैंड से निकले थे, तो वहां के डॉक्टर ने स्वास्थ प्रमाण पत्र दिया था जिसमें बताया था कि भालू स्वस्थ है, उसे कोई स्पर्शजन्य-रोग और संक्रामक रोग नहीं है, वो ट्रांसपोर्टेशन के लिए फिट है. गाड़ियों में लगे हैं सीसीटीवी सिंघवी ने कहा कि एक मिनिट में तो गर्मी लगने से भालू की मौत नहीं हुई होगी, उसकी तबियत धीरे धीरे खराब हुई होगी.


उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वन विभाग के वन प्राणियों को लाने ले जाने वाले वाहनों में सीसीटीवी लगे हुए हैं. जिसका लिंक सामने वाहन चला रहे ड्राइवर, डॉक्टर, उच्च अधिकारियों सहित प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वनप्राणी) तक को दिया जाता रहा है. क्या किसी को भी नहीं दिखा कि भालू की तबियत खराब हो रही है. क्या डॉक्टर गाड़ी के साथ नहीं था?


सिंघवी ने कहा कि रास्ते का एक वीडियो बताता है कि चेकिंग के दौरान अधिकारी स्तर का डॉक्टर वहां नहीं था. वाहन को ढाई मिनिट में ही आगे जाने दिया गया था. सिंघवी ने मांग की कि बताया जाये कि डॉक्टर कहां थे? उनकी गाड़ी साथ-साथ चल रही थी कि नहीं, इस बात की जांच टोल नाके में लगे सीसीटीवी से की जानी चाहिए.


नितिन सिंघवी ने कहा कि जंगल सफारी से जब हिरण ले जाए गए तो एक डॉक्टर हिरनों के साथ गया और दूसरा हवाई जहाज से. लौटते में एक डॉक्टर भालुओं के साथ आया और दूसरे डॉक्टर का कहना है कि वह हवाई जहाज से आया. जबकि अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही डॉक्टर भालू के साथ आए. प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) को बताना चाहिए कि सत्यता क्या है. सिंघवी ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

2 दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

3 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

6 दिन पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

2 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

2 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

2 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP