शासकीय ठेके में धर्म पर आरक्षण देना निंदनीय- साय
छत्तीसगढ़ शासकीय ठेके में धर्म पर आरक्षण देना निंदनीय- साय
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक में कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार द्वारा मुस्लिम ठेकेदारों को चार फीसदी आरक्षण देने के फैसले की आलोचना करते हुए कहा है कि यह निर्णय तुष्टीकरण की पराकाष्ठा है और यह भारतीय संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है. इस तरह के फैसले से समाज और देश में गलत संदेश जाएगा.
सीएम साय ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा है कि कांग्रेस शासित कर्नाटक में शासकीय ठेके में धर्म आधारित आरक्षण देना निंदनीय और अस्वीकार्य है.
जहां भी दुर्भाग्य से कांग्रेस सत्ता में होती है, वह भारतीय संविधान का सबसे पहले गला घोटने की कोशिश करती है. यह तुष्टीकरण की पराकाष्ठा है.
धर्म आधारित आरक्षण के विरुद्ध वैसे भी अनेक बार माननीय न्यायालयों ने निर्णय दिया है. यह फैसला भी न्यायालय में टिकेगा नहीं, यह कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व भी भली-भांति जानता है.
सीएम साय ने आगे कहा है कि हमेशा की तरह समाज में वैमनस्य पैदा करने के लिए कांग्रेस का यह सोचा समझा षडयंत्र है. देश-प्रदेश के आदिवासी, दलित और वंचित लोगों को संविधान द्वारा दिए आरक्षण के साथ इस तरह खिलवाड़ सहन योग्य नहीं है.
उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री खरगे और राहुल गांधी जल्द से जल्द इसे वापस लेने का निर्देश मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को दें.
सीएम साय ने कहा है कि दुःखद है कि वंचित समाज से आने वाले खरगे जी, सोनिया जी और राहुल जी के बहकावे में आकर अपने ही समाज के विरुद्ध साजिशें रचने में स्वयं को इस्तेमाल होने दे रहे हैं. चेत जाइए खरगे जी. इतिहास इस तरह आपको माफ नहीं करेगा.
आरक्षण के साथ और बहुत कुछ
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कैबिनेट की बैठक में कर्नाटक ट्रांसपेरेंसी इन पब्लिक प्रोक्योरमेंट यानी केटीपीपी एक्ट में बदलाव का प्रस्ताव रखा, जिसे मंजूर कर लिया गया है.
साथ ही सिद्धारमैया सरकार ने मुस्लिम ठेकेदारों को सरकारी टेंडर में चार फीसदी का आरक्षण देने का ऐलान किया है.
इसके अलावा कर्नाटक सरकार ने बजट में मुस्लिमों के लिए करीब 4700 करोड़ रुपए की योजनाओं की घोषणा की है.
मस्जिद के इमामों को 6 हजार रुपए मासिक भत्ता. वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा के लिए 150 करोड़ रुपए. उर्दू स्कूलों के लिए 100 करोड़ रुपए और अल्पसंख्यक कल्याण के लिए 1 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं.
कर्नाटक सरकार के इस फैसले पर अब देशभर में सियासत गर्माती जा रही है. छत्तीसगढ़ में भी इसे लेकर आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया है. छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्टर और कार्टून जारी किए हैं. साथ ही कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार मुस्लिम तुष्टीकरण फिर सामने आया.