जीएसटी छापाः करोड़ों की टैक्स चोरी का खुल सकता है राज
जीएसटी छापा के बाद करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की जीएसटी टीम टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ बहुत जल्द ही बड़ा रहस्योद्घाटन कर सकती है. पिछले माह राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर के 22 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी.
इस दौरान भारी मात्रा में कर चोरी के सबूत मिले थे. उक्त दस्तावेजों की जांच लगभग पूरी हो चुकी है. अब फाइनल रिपोर्ट तैयार हो रही है.
जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ पिछले माह विशेष अभियान चलाया. इस दौरान प्रदेश के 22 ठिकानों पर छापेमारी की.
इन छापों में रायपुर में संचालित एक बड़ी गुटखा फैक्ट्री भी शामिल थी. जहां पर भारी मात्रा में कर चोरी के सबूत मिले थे.
छापेमारी के बाद अधिकारी जब्त दस्तावेजों की जांच पड़ताल की.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब इस पूरे मामले में दस्तावेजों की जांच लगभग पूरी हो चुकी है. जांच के शुरुआती चरण में ही 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आ चुकी थी. इसके बाद अफसरों ने हर संस्थान के दस्तावेजों को खंगालते हुए लगातार जांच की.
कारोबारी ठिकानों पर मिले खातों, बिलों, स्टॉफ रजिस्टर और अन्य व्यावसायिक रिकॉर्ड को खंगालते हुए लगातार कार्रवाई को आगे बढ़ाया है. अब फाइनल रिपोर्ट तैयार हो रही है.
संभावना जताई जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित कारोबारियों पर करोड़ों रुपये का टैक्स और जुर्माना लगाया जा सकता है.
विभाग ने पहले ही कहा था कि टैक्स दिए बिना कारोबार चलाना अब मुश्किल होगा. यही वजह है कि बीते तिमाही में छत्तीसगढ़ ने जीएसटी कलेक्शन के मामले में देश के टॉप राज्यों में जगह बनाई थी.
विभाग इस बार भी जीएसटी संग्रहण में पिछली तिमाही जैसा ही रिकॉर्ड बनाए रखने की तैयारी में है. सभा व्यापारियों से अपील की है कि समय पर अपने कर का भुगतान करें और कोई भी टैक्स लंबित न रखें.