रायगढ़ के ट्रांसफॉर्मर भंडार गृह में लगी भीषण आग
छत्तीसगढ़ रायगढ़ के ट्रांसफॉर्मर भंडार गृह में लगी भीषण आग
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर भंडार गृह में सोमवार को आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि करीब 200 ट्रांसफॉर्मर के साथ अन्य विद्युत उपकरण जल गए.
आग लगने के बाद धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था. इससे आसपास में अफरा-तफरी का माहौल रहा. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह करीब 10 बजे कोटरा मार्ग स्थित गजानंद पुरम कॉलोनी के पीछे बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर भंडार गृह में अचानक आग लग गई.
आग की लपटें कुछ ही देर में इतनी बढ़ गई कि दूर से ही धुआं नजर आने लगा. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही पांच से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची. जब तक आग की लपटें काफी फैल चुकी थी. इसे बुझाना काफी मुश्किल हो रहा था. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
स्टोर एरिया कार्यापालन अभियंता गुंजन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र से जो खराब ट्रांसफॉर्मर आते हैं. वही यहां रखे हुए थे. ट्रांसफॉर्मर के अंदर काफी मात्रा में खनिज तेल भरा होता है, जिसके चलते आग एक ट्रांसफॉर्मर से दूसरे ट्रांसफॉर्मर तक फैलती गई.
घटना की जानकारी जैसे ही हमारी टीम को मिली तुरंत मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि साल 2023 में भी ट्रांसफॉर्मर भंडार गृह में आग लगी थी. उस समय करीब साढ़े 6 लाख का नुकसान हुआ था.
अभी कितने ट्रांसफॉर्मर जले हैं, स्पष्ट नहीं हुआ है. करीब 30 से 35 लाख रुपए का नुकसान हो सकता है.