जशपुर में महिला सरपंच की गला रेतकर हत्या
छत्तीगढ़ जशपुर में महिला सरपंच की गला रेतकर हत्या
जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार को एक महिला सरपंच की गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना के समय महिला अपने घर के आंगन में नहा रही थी.
घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात हमलावर फरार हो गया. गांव में घटना की जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन अब तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है.
पुलिस के मुताबिक घटना तुमला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगादरहा की है.
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात हमलावर सरपंच प्रभावती सिदार के घर में घुसा. उस वक्त घर में कोई और मौजूद नहीं था. जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने धारदार हथियार से सरपंच पर हमला कर दिया. शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे.
पड़ोसियों को जब घटना की जानकारी हुई तब उन्होंने सरपंच के परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही सरपंच का भतीजा घर पहुंचा और खून से लथपथ प्रभावती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर मामले की जांच में जुट गई है. महिला सरपंच की हत्या किन कारणों से की गई, इसका पता नहीं चल पाया है.
प्रभावती सिदार के पति पूर्व में सरपंच रह चुके हैं. वह सरपंच संघ के अध्यक्ष भी थे. हाल ही में प्रभावती ने चुनाव जीतकर सरपंच का पद संभाला था.