हाथियों के डर से किसानों ने छोड़ा खेत जाना, फसल चौपट
छत्तीसगढ़ हाथियों के डर से किसानों ने छोड़ा खेत जाना, फसल चौपट
पिथौरा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बार नवापारा के वनांचल ग्रामों के किसान, हाथियों के उत्पात से इस कदर भयभीत हैं कि खेत जाने से भी कतराने लगे हैं. क्षेत्र में रोज हाथियों का दल पहुंच कर खेतों में लगी रबी की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है.
किसानों का यह भी आरोप है कि वन विभाग द्वारा मुआवजा के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है. कम मुआवजा मिलने से किसान दुखी हैं.
बार नवापारा के वनांचल ग्राम मुड़पार सहित आस-पास के गांव के किसानों ने रबी सीजन में धान की फसलें लगाई हैं.
एक तरफ किसान पानी और बिजली की समस्या से पहले ही जूझ रहे थे.अब हाथी और गौर के उत्पात ने किसानों की परेशानी को और ज्यादा बढ़ा दिया है.
किसानों ने बताया कि विगत कुछ दिनों से इस क्षेत्र में हाथियों का दल मंडरा रहा है. हाथियों को यह क्षेत्र इतना पसंद आ गया है कि यहां से जाने का नाम नहीं ले रहे हैं.
कुछ दिनों के लिए चले भी जाते हैं, फिर वापस लौट आते हैं. खाने की तलाश में हाथियों का दल रोज खेतों तक पहुंच रहा है.
खेतों में लगी फसल को हाथी खाने से ज्यादा रौंद कर नुकसान पहुंचा रहा है. क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती संख्या और फसलों को रौंदने की घटनाओं से किसान आक्रोशित हैं.
किसानों को सताने लगा डर
हाथियों के लगातार उत्पात से किसानों में इस कदर डर घर कर गया है कि अधिकांश किसानों ने खेत जाना ही छोड़ दिया है.
उन्हें लगता है कि हाथी किसी भी समय पहुंच कर उन पर हमला कर सकते हैं. जबकि किसान पहले दिन-रात खेतों की रखवाली कर अनाज उगाते थे.
पीड़ित किसानों का कहना है कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि खेतों में फसल तो है, पर किसानों ने खेतों में जाना छोड़ दिया है. किसानों ने बताया कि वन विभाग सिर्फ उस हिस्से का मुआवजा देता है जहां जानवरों ने नुकसान पहुंचाया हो.
लेकिन कोई भी जानवर एक बार खेत में घुसता है तो बार-बार आता है. इस तरह धीरे-धीरे पूरी फसल तबाह कर देता है.
भरपूर भुआवजा की मांग
किसानों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी से मिलकर समस्या की जानकारी दी है. किसानों का कहना है कि शीघ्र मुआवजा पर फैसला नहीं हुआ तो वन मंडलाधिकारी बलौदाबाजार से मिलकर अपनी बात रखेंगे.
उनका कहना है कि सिर्फ एक जगह का आंशिक मुआवजा देना गलत है. हमारे खेत की फसल तो पूरी तरफ से चौपट हुई है.
यहां के किसान अब पूरा मुआवजा देने की मांग करते हुए अड़ गए हैं.
किसानों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान की सही भरपाई की जाए ताकि वह दोबारा खेती करने का हौसला जुटा सकें.