मंत्री के भांजों ने थाने में घुसकर युवक को पीटा
छत्तीसगढ़ के मंत्री के भांजों ने थाने में घुसकर युवक को पीटा
मनेन्द्रगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के भांजों की दबंगई का एक वीडियो वायरल हो रहा है.
मंत्री के 2 भांजों ने झगराखांड थाने में घुसकर युवक को पीटा है.
थाने के अंदर इतना कुछ हो गया लेकिन पुलिस चुपचाप खड़ी रही.
जब मामला तूल पकड़ा तब जाकर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है.
बताया गया कि झगराखांड के बाजार में 23 फरवरी को जलालुद्दीन और शाहरुख नाम के दो युवकों के बीच विवाद हुआ था.
विवाद के बाद दोनों युवकों ने अपने कुछ साथियों को बुलाया था.
मामले का वहां निपटारा नहीं होने पर दोनों पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने झगराखांड थाने पहुंचे थे.
जिसमें शाहरुख के पक्ष में मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के भांजे उमेश जायसवाल और प्रदीप जायसवाल अपने और कुछ साथियों के साथ पहुंचे थे.
वहीं जलालुद्दीन के साथ मोहम्मद इंसाफ उर्फ बिल्लू पहुंचा था.
थाने में जलालुद्दीन के साथ मंत्री के भांजों की कहासुनी हो गई, जिसके बाद उन्होंने युवक को पीट दिया.
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है.
भूपेश बघेल ने X पर पोस्ट किया वीडियो
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने तो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो को पोस्ट किया है.
उन्होंने लिखा है कि यह दृश्य मनेन्द्रगढ़ के झगराखांड थाना परिसर का है.
बताया जा रहा है कि इस वीडियो में युवक से मारपीट करते हुए शख्स प्रदीप जायसवाल उर्फ दाऊ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी के भांजे हैं.
उन्होंने तंज कसते हुए यह भी लिखा है कि खबर तो यह भी है कि मामा के मंत्री बनने के बाद यह उनके दैनिक क्रिया कलाप का हिस्सा है. ऐसे कैसे चलेगा मंत्री जी?
वहीं एमसीबी जिले के कांग्रेस प्रवक्ता सौरभ मिश्रा ने आरोप लगाया है कि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के भांजे आए दिन विवाद और लोगों से मारपीट करते हैं.
इससे पहले भी कई लोगों से मारपीट की है. लोग उनसे डरते हैं, इसलिए शिकायत नहीं करते हैं.
पुलिस ने मामले के दो दिन बाद उमेश जायसवाल, प्रदीप जायसवाल सहित अनिल सिंह और देवनारायण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.