मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

हाथी ने महिला को कुचला, 17 दिनों में 7वीं मौत

H

Hupendra Sharma

16 अप्रै. 2025, 12:17 PM 5 मिनट में पढ़ें 14

हाथी
हाथी

बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दंतैल हाथी ने एक और ग्रामीण की जान ले ली. ग्रामीण महिला बुधवार को महुआ बीनने गई थी. उसी समय हाथी ने उस पर हमला कर दिया.


हाथी ने महिला को सूंड से उठाकर पटक दिया, फिर पैरों से कुचल दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन


पिछले 17 दिनों के भीतर हाथियों के हमले से 7 लोगों की जान जा चुकी है. 


पुलिस के मुताबिक मामला वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के रजखेता-पोकली के जंगल का है.


बताया गया कि स्याही गांव निवासी यशोदा दास बुधवार की सुबह अपनी कुछ महिला साथियों के साथ महुआ बीनने पोकली के जंगल गयी थीं.


महुआ बीनते-बीनते महिलाएं जंगल के काफी अंदर तक पहुंच गईं. 


हाथी को सामने देख भागी महिलाएं

सभी महिलाएं पेड़ के नीचे महुआ बीन रही थीं. उसी समय अचानक दंतैल हाथी वहां पहुंच गया.


हाथी को देख बाकी महिलाएं दौड़कर भाग निकलीं, लेकिन यशोदा भागते समय गिर गईं. हाथी ने उसे सूंड से उठाकर पटक दिया. फिर पैरों से कुचल कर मार डाला.


हाथी से जान बचाकर भागी महिलाएं गांव पहुंची और घटना की सूचना दी. ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी.


घटना की सूचना पर वनमंडल अधिकारी बलरामपुर अशोक तिवारी, वाड्रफनगर वन एसडीओ अनिल सिंह पैकरा के साथ रेंजर और वनकर्मी मौके पर पहुंचे और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.


मृत महिला के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है. 

आसपास के गांवों में अलर्ट

एसडीओ अनिल सिंह पैकरा ने बताया कि यह हाथी झारखंड से बलरामपुर जिले में घुसा है.


रामानुजगंज वन परिक्षेत्र से होते हुए वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में यह हाथी विचरण कर रहा है.


मंगलवार को भी वन अमले ने स्याही, रजखेता, वाड्रफनगर, कोटराही, करमडीहा समेत आसपास के गांवों में मुनादी कराकर हाथी की मौजूदगी की जानकारी दी थी.


17 दिनों में सातवीं मौत

वन विभाग का मानना है कि जिस हाथी ने यह हमला किया है, वह दंतैल हाथी काफी आक्रामक है.


उसके साथ एक और हाथी है. ये दोनों हाथी जशपुर और झारखंड इलाके से घुसे हैं.


झारखंड से घुसे दंतैल हाथी ने 5 लोगों की और जशपुर से घुसे हाथी ने 2 की जान ली है.


31 मार्च को हाथी ने सबसे पहले रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के ग्राम फुलवार में अस्मीना नाम की महिला पर हमला कर दिया था. हाथी ने अस्मीना को जमीन पर पटक कर उसके एक हाथ को उखाड़ दिया था. गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था.


वहीं उसका पति उस्मान अंसारी भी घायल हो गया था. इस घटना के बाद हाथी फुलवार गांव से निकलकर रामपुर पहुंच गया था. जहां 1 अप्रैल मंगलवार की सुबह हाथी ने महुआ बिनने खेत जा रहे युवक को कुचल कर मार डाला था.


युवक अंबिकापुर कमिश्नर ऑफिस में चपरासी के पद पर पदस्थ था. इस घटना के अगले दिन 2 अप्रैल को हाथी ने पहाड़ी कोरवा महिला गिद्दी कोरवा को मार डाला था.


महिला अपने पति सुखू लाल कोरवा और ग्रामीणों के साथ जंगल महुआ बीनने गई थी. हालांकि इस घटना में जशपुर से बलरामपुर जिले में घुसा दूसरा हाथी था. 


इसके बाद 3 अप्रैल को हाथी ने बलरामपुर जिले के ग्राम घाघरा में किसान दिनेश पोया को मार डाला था.


किसान अपने खेत में लगी फसल में पानी देने गया था. युवक के साथ दो और लोग थे, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से भाग कर खुद की जान बचाई थी.


इसके बाद हाथी ने 5 अप्रैल को प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम दरहोरा गांव में घुसकर एक ग्रामीण को मार डाला था. ग्रामीण शिवनाथ राम लघुशंका के लिए उठा हुआ था.


इसके बाद 8 अप्रैल को हाथी ने बलरामपुर जिले में ग्रामीण की जान ले ली. ग्रामीण देवनारायण खैरवार ग्राम चाकी का निवासी था.


ग्रामीण साइकिल से जा रहा था, उसी समय हाथी ने उसे उठाकर दूर फेंक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.


ट्रेंक्यूलाइज करने की मिली थी अनुमति

पिछले काफी दिनों से वन विभाग और ग्रामीणों के लिए खतरा बने दंतैल हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने की स्वीकृति शासन ने दी थी.


स्वीकृति मिलते ही कानन पेंडारी के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ.पीके चंदन हाथी की तलाश में प्रतापपुर वन परिक्षेत्र पहुंचे थे.


बताया गया कि हाथी काफी आक्रामक हो चुका है. वह दिन-रात तेज रफ्तार से एक जंगल से दूसरे जंगल में भ्रमण कर रहा है.


एक दिन में हाथी करीब 40 किलोमीटर लम्बी दूरी तय कर रहा था.


हाथी अब तक बलरामपुर और सूरजपुर वन मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में ग्रामीणों की जान ले चुका है.


हाथी के इस व्यवहार को देखते हुए वन विभाग ने दंतैल को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का प्रस्ताव भेजा था. जिसकी विभाग ने स्वीकृति दे दी है.


इसके बाद डॉ. चंदन और हाथी पुनर्वास केन्द्र के चिकित्सक डॉ. अजीत पाण्डेय हाथी की तलाश में जंगल तक पहुंच गए थे.


विभाग द्वारा ट्रेंक्यूलाइज करने की तैयारियां पूरी कर ली गई थी.


इस दौरान दंतैल सहित अन्य तीन लोनर हाथियों के एक साथ भ्रमण करने की सूचना पर उसके दल से अलग होने का इंतजार किया जा रहा था. 


हाथी के शांत होने का किया था दावा

विशेषज्ञ चिकित्सक ने दावा किया था कि आक्रामक दंतैल हाथी का स्वभाव अपने साथी से मिलने के बाद बदल गया है. वह शांत हो गया है.


दूसरे लोनर दंतैल हाथी से मिलने के बाद इस जंगल से उस जंगल भटकने की गतिविधियां कम हो गई हैं.


दंतैल के व्यवहार में आए बदलाव के बाद विभाग ने फिलहाल ट्रेंक्यूलाइज करने का प्रस्ताव स्थगित कर दिया था. डॉ. चंदन भी वापस कानन पंडारी लौट आए थे.


वन विभाग का कहना था कि जंगल के बड़े इलाके एवं आबादी क्षेत्र के निकट भ्रमण करने के बावजूद उसने उत्पात नहीं मचाया है.


लेकिन इसके एक दिन बाद ही हाथी ने महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली. 


यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
नदी में डूबने से मौत- कोरबा
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कोरबा में तैरकर आजन नदी पार कर रहे 50 वर्षीय ग्रामीण की डूबने से मौत

2 घंटे पहले

होटल में छापा
छत्तीसगढ़

रायपुर लैब की रिपोर्ट: बिलासपुर के 9 नामी संस्थानों के घी, पनीर और दही में मानकों की अनदेखी

2 घंटे पहले

रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन- आरोपी
छत्तीसगढ़

रायपुर के होटल कारोबारी दंपती रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ FIR दर्ज

2 घंटे पहले

मां की हत्या
छत्तीसगढ़

जशपुर: खाना परोसने की बात पर अधजली लकड़ी से हमला कर ली मां की जान

9 घंटे पहले

रेलगाड़ी- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़

चांपा: अज्ञात युवक की ट्रेन दुर्घटना में मौत, शिनाख्त के लिए अस्पताल मॉर्चुरी भेजा शव

9 घंटे पहले

रेप
छत्तीसगढ़

रायगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर रेप और ठगी, तांत्रिक और महिला साथी गिरफ्तार

9 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP