पनीर फैक्ट्री के दूषित पानी का ग्रामीण कर रहे विरोध
पनीर फैक्ट्री का दूषित पानी से बंजर होती जमीन, ग्रामीण का विरोध
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कपसदा गांव के किसान पनीर फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी से परेशान हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री के जहरीले पानी से उनकी जमीन बंजर हो रही है.
साथ ही बदबू ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है. इस मामले को लेकर ग्रामीण लामबंद हो रहे हैं.
दरअसल पूरा मामला कुम्हारी थाना के कपसदा गांव का है. गांव में ऑर्गेनिक मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स नाम की कैवल्य फ्रेश पनीर फैक्ट्री का संचालन पिछले दो साल से हो रहा है.
यहां के ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी से उनकी जमीन बंजर हो रही है. फैक्ट्री मालिक को मना करने के बाद भी केमिकल युक्त पानी को तालाब और खेतों में बहाना बंद नहीं किया जा रहा है.
फैक्ट्री के दूषित पानी से काफी दुर्गंध आती है, जिससे पूरा गांव परेशान है. साथ ही गांव का वातावरण भी खराब हो रहा है. लोग बीमार पड़ रहे हैं और उल्टियां हो रही हैं. छोटे बच्चे तो बेहोश होकर गिर रहे हैं.
बैठक बुलाकर दी चेतावनी
परेशान ग्रामीणों ने पंचायत में बैठक बुलाकर फैक्ट्री मालिक को चेतावनी दी है कि 30 जून तक फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी का भराव खत्म करें. इसके बाद भी अगर फैक्ट्री से पानी बहाना बंद नहीं किया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे. ग्रामीणों ने सुशासन तिहार कार्यक्रम में भी इसकी लिखित शिकायत की है.
ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री के पास ही हाईस्कूल है. पढ़ने वाले बच्चे इसी रास्ते आते-जाते हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले ही फैक्ट्री से गंदा पानी छोड़ा गया था. जिसकी बदबू से स्कूल जा रही बच्ची बेहोश होकर गिर गई थी.
समय रहते बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, तब वह ठीक हुई.
रात में टैंकर से कहीं भी पानी छोड़ रही कंपनी
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कैवल्य फ्रेश फैक्ट्री से चोरी छिपे रात में टैंकर में भरकर केमिकल युक्त पानी को निकाला जाता है.
उसे सुनसान जगह पर ले जाकर कहीं भी छोड़ दिया जाता है. यहां तक किसानों के खेतों पर भी उक्त पानी को बहा दिया जाता है. जिससे जमीन बंजर हो जा रही है.
फैक्ट्री की इस हरकत से परेशान किसानों ने दो दिन पहले ही रातजगा कर टैंकर को पकड़ा था. उसे कुम्हारी पुलिस के हवाले किया गया था.
एक महीने का अल्टीमेटम
गांव के सरपंच भूपेंद्र कुंवर का कहना है कि पनीर फैक्ट्री के केमिकल युक्त पानी से किसान ही नहीं आम जनता भी परेशान है.
इससे निकलने वाली बदबू से लोग परेशान हैं. इससे वायु और जल प्रदूषित हो रहा है.
ग्राम पंचायत द्वारा फैक्ट्री मालिक को स्थिति सुधारने के लिए एक महीने का समय दिया गया है.
इसके बाद भी सुधार नहीं किया तो पंचायत की ओर से कार्रवाई की जाएगी.
फैक्ट्री मालिक उत्पादन पर अड़ा
इधर कैवल्य फ्रेश फैक्ट्री के मालिक प्रियेश गुप्ता ने केमिकल युक्त पानी छोड़े जाने के ग्रामीणों के आरोप को गलत बताया है.
उन्होंने कहा कि फूड विभाग भी इसकी जांच कर चुका है. जांच में पूरे सैंपल सही पाए गए हैं. इसलिए उत्पादन तो बंद नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि उनका खुद की डेयरी है. वहां से दूध फैक्ट्री तक लाते हैं. शुद्ध दूध पैकेजिंग व इसी से दही, पनीर और घी को प्रोसेस करके बनाते हैं.