भाजपा नेता की हत्या मामले में कांग्रेस नेता गिरफ्तार
नारायणपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में भाजपा नेता रतन दुबे हत्याकांड मामले में एनआईए ने कांग्रेस नेता शिवानंद नाग को गिरफ्तार किया है.
शिवानंद नाग नारायणपुर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं. उन्हें रायपुर के मौहदापारा इलाके से पकड़ा गया है.
एनआईए की टीम इस मामले की लंबे समय से जांच कर रही थी. इस मामले में पहले भी 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
नारायणपुर जिले में विधानसभा चुनाव से ठीक 3 दिन पहले रतन दुबे की हत्या कर दी गई थी. इससे राज्य की राजनीति में हलचल मच गई थी. भाजपा के नारायणपुर जिला उपाध्यक्ष और जनपद पंचायत सदस्य रतन दुबे चुनाव प्रचार के लिए गांव गए थे.
साप्ताहिक बाजार में वे चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी. रतन दुबे पर किए गए हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
मामले की प्रारंभिक जांच में यह मामला माओवादी हिंसा से जुड़ा प्रतीत हुआ था, लेकिन अब राजनीतिक कनेक्शन भी सामने आ रहा है.
शिवानंद नाग पर आरोप है कि माओवादियों से मिलीभगत कर हत्या की साजिश रची थी. इसके बाद पूरे हत्याकांड की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने अपने हाथ में ली.
एनआईए ने 5 जून को एक आरोपी धन सिंह कोर्राम के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल की थी. इसके बाद 20 दिसंबर को प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के तीन सदस्यों सैनूराम कोर्राम, लालूराम कोर्राम और एक सशस्त्र माओवादी कैडर के खिलाफ चार्टशीट दायर की थी.