मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अपना गृहनगर नहीं बचा पाए
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अपना गृहनगर नहीं बचा पाए
रायपुर | संवाददाताः नगरीय निकाय चुनाव में वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने गढ़ को ढहने से नहीं बचा पाए.
विष्णदेव साय के विधानसभा क्षेत्र के कुनकुरी नगर पंचायत में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है.
वहीं भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन के दोनों नगर पंचायत पाटन और अमलेश्वर में भाजपा ने जीत दर्ज की है.
मुख्यमंत्री के क्षेत्र कुनकुरी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी विनय शील ने भाजपा प्रत्याशी सुतबल यादव को 81 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है.
कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील गुप्ता को 3999 मत और भाजपा के सुतबल राम यादव को 3918 मत प्राप्त हुए हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण भाजपा के लिए यह सीट काफी अहम थी.
सीएम का प्रभाव वाला क्षेत्र होने के कारण यहां कांग्रेस ने भी बहुत जोर लगाया था.
प्रत्याशी चयन से लेकर प्रचार-प्रसार में पूरी ताकत झोंक दी थी.
चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही अपने बड़े नेताओं को यहां प्रचार के लिए उतारा था.
इसलिए भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गई थी.
चुनाव परिणाम ने यह साफ कर दिया कि इस सीट पर कांग्रेस ने अपने प्रभाव को मजबूत किया है.
पाटन-अमलेश्वर में खिला कमल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसी प्रत्याशियों को नहीं जिता पाए हैं. जबकि पाटन भूपेश बघेल का गढ़ है.
पाटन और अमलेश्वर दोनों ही जगह भाजपा प्रत्याशियों ने कांग्रेस को मात दी है.
पाटन नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी योगेश निक्की भाले ने 601 वोटों से जीत दर्ज की है.
जबकि दोनों कांग्रेस प्रत्याशी नारायण पटेल और अमलेश्वर के कांग्रेस प्रत्याशी मोनू साहू की नामांकन रैली में स्वयं भूपेश बघेल शामिल हुए थे.
पाटन के 15 वार्डों में से आठ में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है. वहीं कांग्रेस के सात प्रत्याशी ही जीतने में कामयाब रहे.
अमलेश्वर नगर पंचायत में बीजेपी उम्मीदवार दयानंद सोनकर 319 मतों से अपना चुनाव जीत गए हैं.
अमलेश्वर नगर पंचायत में पहली बार चुनाव हुए थे. इससे पहले यह ग्राम पंचायत थी.
भूपेश बघेल के कार्यकाल में ही अमलेश्वर को नगर पंचायत घोषित किया गया था.
नगरीय निकाय चुनाव के रिजल्ट के एक दिन पहले ही कांग्रेस ने भूपेश बघेल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.
भूपेश बघेल को कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव घोषित किया गया है. भूपेश बघेल को पंजाब राज्य का प्रभार भी सौंपा गया है.