छत्तीसगढ़ सेक्स सीडी कांडः सुनवाई टली
छत्तीसगढ़ के चर्चित अश्लील सीडी कांड की सुनवाई टल गई है
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की चर्चित अश्लील सीडी कांड की मंगलवार को होने वाली सुनवाई टल गई है. अब इस मामले में अगली सुनवाई 25 फरवरी को होगी.
बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि चुनाव और अन्य कारणों के चलते आरोपियों का आज कोर्ट आना नहीं हो पाया.
इसकी सूचना कोर्ट को पहले ही दे दी गई थी. जिसके चलते सुनवाई को आगे बढ़ा दिया गया है.
कथित अश्लील सीडी कांड मामले में कोर्ट ने 6 आरोपियों को समन जारी किया था.
जिसमें से एक आरोपी रिंकू खनूजा की मौत हो चुकी है. उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
बाकी आरोपियों कैलाश मुरारका, पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रहे विनोद वर्मा, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, विजय पांड्या, विजय भाटिया को सुनवाई के लिए मंगलवार को कोर्ट पहुंचना था.
ज्ञात हो कि अश्लील सीडी कांड मामले में सात साल बाद सुनवाई शुरु हो रही है.
इस मामले में आरोप है कि तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत का चेहरा लगाकर नकली सीडी बनाया गया है.
हालांकि इस मामले में सीबीआई ने साल 2018 में ही चार्जशीट पेश कर दी थी. लेकिन एक भी सुनवाई नहीं हुई थी.
सात साल पुराना मामला
ज्ञात हो कि 27 अक्टूबर 2017 को कथित सेक्स सीडी कांड सामने आया था.
इस सीडी में एक आपत्तिजनक वीडियो था. कांग्रेस के नेताओं ने दावा किया था कि सीडी में दिख रहा चेहरा तत्कालीन भाजपा सरकार के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत का है.
सीडी को मंत्री मूणत ने फर्जी बताते हुए इसका खंडन किया था. साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी.
इसके बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया था.
मामले में पुलिस गाजियाबाद से वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार कर लाई थी.
इसके बाद सितंबर 2018 में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था.
उन पर साजिश रचने का आरोप था. इसके बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी.
मामला सीबीआई को सौंपा गया
17 नवंबर 2017 को कांग्रेस की मांग पर इस मामले को सीबीआई को सौंपा गया.
सीबीआई ने मामले की जांच के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की.
जिसमें सीबीआई ने दावा किया कि इस सीडी को फोरेंसिक विश्लेषण के माध्यम से प्रमाणित किया गया है. इसे मुंबई के स्टूडियो में तैयार किया गया है.
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में कैलाश मुरारका के साथ विनोद वर्मा, विजय पंड्या, रिंकू खनुजा, विनोद भाटिया और पूर्व सीएम भूपेश बघेल को आरोपी बनाया था.
6 जून 2018 को इस मामले के एख आरोपी रिंकू खनूजा ने खुदकुशी कर ली.
सुप्रीम कोर्ट में लगाई याचिका
इस दौरान ही राज्य में विधानसभा चुनाव हुए और राज्य में भूपेश बघेल की सरकार आ गई. इसके बाद सीबीआई ने मामले की सुनवाई दूसरे राज्य में ट्रांसफर करने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी.
सीबीआई ने कोर्ट से मांग की थी कि इस मामले को दिल्ली या फिर किसी दूसरे राज्य में ट्रांसफर कर देना चाहिए.
इसके बाद कोर्ट ने निचली अदालत में चल रही सुनवाई पर रोक लगा दी.
साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर इस सिलसिले में जवाब मांगा था.