चैतन्य बघेल को 14 दिन रिमांड पर भेजा गया जेल
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड अवधि को कोर्ट ने 14 दिन के लिए और बढ़ दिया है. जबकि चैतन्य बघेल पिछले 5 दिनों से ईडी की रिमांड पर हैं.
ईडी की टीम उनसे लगातार पूछताछ कर रही है. ईडी ने कहा था कि शराब घोटाले में चैतन्य बघेल ने कथित रूप से इसमें से 16.70 करोड़ की राशि का दुरुपयोग किया और उसे अपनी रियल एस्टेट कंपनियों के ज़रिए वैध दिखाने की कोशिश की.
चैतन्य बघेल की मंगलवार को रिमांड अवधि खत्म होने पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने विशेष अदालत में पेश किया.
ईडी के अधिकारियों ने कोर्ट से रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की. जिसपर कोर्ट ने रिमांड बढ़ा दिया है, अब चैतन्य 14 दिन न्यायिक रिमांड में जेल में रहेंगे. चैतन्य को 18 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
ईडी ने चैतन्य बघेल को शराब घोटाले से जुड़े अहम दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के लिए पहले 5 दिन रिमांड पर लिया था.
इस दौरान चैतन्य से शराब घोटाले से जुड़े लेन-देन, संपर्कों और कथित भूमिका को लेकर पूछताछ की गई. विशेष अदालत में चैतन्य को पेश करते हुए ईडी ने आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड की मांग की है.
गौरतलब, है कि ईडी ने प्रेस नोट जारी कर दावा किया है कि चैतन्य ने शराब से 16.70 करोड़ रुपये की अवैध कमाई कर उसे वैध दिखाने के लिए रियल एस्टेट कंपनियों में निवेश किया था.
ED की जांच में 2019-2022 के बीच छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले में 2500 करोड़ से अधिक की अवैध आय का पता चला. चैतन्य ने कथित तौर पर ₹16.70 करोड़ को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘विट्ठलपुरम’ में निवेश कर वैध दिखाने की कोशिश की. इसमें त्रिलोक सिंह ढील्लन की कंपनियों को माध्यम बनाया गया. जांच में ₹5 करोड़ की फर्जी फ्लैट खरीद और ढील्लन को शराब सिंडिकेट से प्राप्त राशि की पुष्टि हुई.
ED का दावा है कि चैतन्य ने ₹1000 करोड़ से अधिक की राशि अनवर ढेबर व अन्य के जरिए कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष को ट्रांसफर की. इस राशि के पार्टी और बघेल परिवार से जुड़े निवेशों में उपयोग का संदेह है.
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व आईएएस अनिल टूटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढील्लन, अनवर ढेबर, आटीएस अधिकारी अरुण पति त्रिपाठी और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा सहित कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं.