CGMSC घोटालाः 5 अधिकारी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ CGMSC घोटालाः 5 अधिकारी गिरफ्तार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सीजीएमएससी के रीएजेंट खरीदी घोटाले में ईओडब्ल्यू ने पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अधिकारियों में सीजीएमएससी के दो जीएम भी शामिल हैं.
शनिवार को उन्हें रायपुर के स्पेशल कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी जाएगी. इस मामले में ईओडब्ल्यू ने सप्लायर मोक्षित कारपोरेशन के डायरेक्टर शाशांक चोपड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन में करोड़ों के घोटाले मामले में शुक्रवार को ईओडब्ल्यू ने कुछ अधिकारियों को तलब कर पूछताछ की.
लंबी पूछताछ के बाद देर शाम इन्हें हिरासत में ले लिया गया. गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में सीजीएमएससी के महाप्रबंधक तकनीशियन के पद पर रहे बसंत कौशिक, जीएम तकनीशियन कमलकांत पाटनवार, बायोमेडिकल इंजीनियर क्षिरौंद्र रावटिया, स्वास्थ्य विभाग स्टोर इंचार्ज डॉ. अनिल परसाई और आनंद राव शामिल हैं.
दरअसल सीजीएमएससी घोटाले में अधिकारियों और कारोबारियों ने मिलकर सरकार को 411 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया था.
मामले में आईएएस और आईएफएस अधिकारियों ने मिलीभगत कर महज 27 दिनों के भीतर ही 750 करोड़ रुपये की खरीदारी कर ली थी.
इसके अलावा कई निजी कंपनियों के साथ मिलकर अधिकारियों ने घोटाले को अंजाम दिया.
इन कंपनियों ने मेडिकल उपकरणों को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा. 8 रुपये में मिलने वाली EDTA ट्यूब को 2,352 रुपये में खरीदा गया.
जबकि 5 लाख की CBS मशीन 17 लाख में खरीदी गई. इतना ही नहीं, मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन ने 300 करोड़ रुपये के रीएजेंट भी खरीदा.
ईओडब्ल्यू और एंटी करप्शन ब्यूरो इस पूरे मामले की जांच कर रही है.