बाइक स्टंट ने ली मासूम सहित तीन की जान
बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बालोद में तेज रफ्तार बाइक में स्टंट करना दो युवकों की जिंदगी को भारी पड़ गया. दोनों की जान तो गई ही साथ में एक डेढ़ साल के मासूम को भी अपनी चपेट में ले लिया. जिससे उसकी भी मौत हो गई.
इस हादसे में चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बताया गया कि 3 बाइक पर 6 लोग सवार होकर स्टंट करते हुए जा रहे थे. उसी दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भिलाई से 6 युवक शुक्रवार सुबह 3 बाइक से केशकाल जाने के लिए निकले थे.
सभी युवक तेज रफ्तार में बालोद से धमतरी की ओर जा रहे थे. वहीं बरही निवासी अक्षय यादव अपनी पत्नी खिलेश्वरी यादव और डेढ़ साल की बेटी दीक्षा को लेकर बालोद अस्पताल जा रहे थे. इसी दौरान एक बाइक में सवार युवकों ने सांकरा गांव के पास अक्षय की बाइक को जोरदार ठोकर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी की सभी लोग सड़क पर गिर गए. इतने में ही इन्ही युवकों की पीछे से आ रही एक और बाइक इन लोगों से टकरा गई. इस बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी की टक्कर के बाद एक युवक उछलकर डिवाइडर के दूसरी ओर जा गिरा. बाइक चला रहे युवक का सिर सड़क पर टकराने से फट गया.
इस हादसे में डेढ़ साल की मासूम दीक्षा सहित दो बाइकों के चालक हासिर शैय्यद और आनंद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों युवक भिलाई पावर हाउस के रहने वाले थे.
वहीं भिलाई सेक्टर-2 निवासी जतिन, सेक्टर-8 निवासी रोहन पारिजात सहित अक्षय और खिलेश्वरी घायल हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल शवों को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है, जहां परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.