मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

भूपेश बोले- नहीं मिला ईडी की ओर से नोटिस

छत्तीसगढ़ भूपेश बोले- नहीं मिला ईडी की ओर से नोटिस

C

CG Khabar

15 मार्च 2025, 11:28 AM 3 मिनट में पढ़ें 23

नहीं मिला नोटिस
नहीं मिला नोटिस

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि बेटे चैतन्य बघेल को ईडी की ओर से पूछताछ के लिए पेश होने कोई नोटिस नहीं मिला है. इसलिए चैतन्य का ईडी दफ्तर जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने कहा कि जब नोटिस आएगा तो जरूर जाएंगे. 


पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ईडी का काम मीडिया में सनसनी फैलाना है. अब तक वे यही करते आ रहे हैं. ईडी का इस्तेमाल मुझे बदनाम करने के लिए किया जा रहा है. 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ सात साल से सीडी का मामला चल रहा था. हाल ही में अदालत ने मुझे सभी आरोपों से बरी कर दिया. अब भाजपा के पास कोई और मुद्दा नहीं है कि इसलिए भाजपा का यह षडयंत्र है.


दरअसल, शराब घोटाला मामले में ईडी ने 10 मार्च को भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित घर पर छापा मारा था. 


इसके बाद खबर आई थी कि ईडी ने चैतन्य बघेल को समन जारी किया है. ईडी ने चैतन्य बघेल को 15 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है.


इसी के चलते शनिवार को भूपेश बघेल के भिलाई स्थित घर के बाहर काफी संख्या में पत्रकार पहुंचे हुए थे. 


संवाददाताओं ने भूपेश बघेल से बेटे के ईडी के सामने पेश होने को लेकर सवाल किया. उसी समय उन्होंने नोटिस नहीं मिलने की जानकारी दी.


छापे के बाद भूपेश बघेल ने दी थी ये जानकारी
ज्ञात हो कि ईडी ने भूपेश बघेल के घर से लगभग 33 लाख रुपये नकद और कुछ दस्तावेज जब्त किए थे. 


ईडी की छापेमारी के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि ईडी को मेरे घर से कुछ नहीं मिला है. 


उन्होंने ईडी पर बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था कि ईडी घर से चली गई है. 


मेरे घर में उनको तीन चीजें मिली हैं. मंतूराम और पुनीत गुप्ता (डॉ. रमन सिंह के दामाद) के बीच करोड़ों के लेनदेन की बातचीत की पेन ड्राइव. डॉ. रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह की सेल कंपनी के कागज. 


इसके अलावा पूरे संयुक्त परिवार में खेती, डेयरी, स्त्रीधन, कैश इन हैंड” मिलाकर लगभग 33 लाख रुपये मिले हैं, जिनका हिसाब उनको दिया जाएगा.


भाजपा पर षडयंत्र का लगाया था आरोप
ईडी की पूछताछ के बाद घर से बाहर निकलते ही भूपेश बघेल ने कहा था कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है. इसलिए कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने षड़यंत्र किया जा रहा है. 


उन्होंने कहा था कि विधानसभा में सवाल पूछना गुनाह हो गया है. विधायक कवासी लखमा ने सदन में सवाल पूछ लिया था तो उसके घर ईडी की टीम आ गई थी. अब मैंने सवाल पूछ लिया तो मेरे घर भी ईडी की टीम आ गई. पता नहीं भाजपा सरकार और कितने कांग्रेसी नेताओं के घर ईडी को भेजने वाली है. 


उन्होंने कहा था कि मेरे खिलाफ ईडी के पास कोई सबूत नहीं हैं. यह सब षड्यंत्र का हिस्सा है. सीडी कांड में मेरे बरी होने से सब बैखला गए हैं. अब कोई मुद्दा नहीं हैं तो षड़यंत्र रचा जा रहा है. ईडी का उद्देश्य मुझे सिर्फ बदनाम करना था. ईडी भाजपा सरकार की कठपुतली है.  विष्णुदेव साय जो कहते हैं,  ईडी वही करती है. हम भी समय आने पर इन सबका हिसाब लेंगे. उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की आवाज दबाने की ताकत किसी में नहीं है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP