भाजपा विधायक साहू के बिगड़े बोल, कहा- हेकड़ी निकाल दूंगा
छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक साहू के बिगड़े बोल, कहा- हेकड़ी निकाल दूंगा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के राजिम विधायक रोहित साहू पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान अपना आपा खो बैठे.
उन्होंने मंच से ही एक व्यक्ति को धमकाते हुए कहा कि एक दिन में तुम्हारी हेकड़ी निकाल दूंगा. जेल में अंदर करवा दूंगा. रोहित साहू जितना सीधा है, उतना ही टेढ़ा भी है. तुम रोहित साहू को नहीं जानते. बिना शराब पिये आना.
राजिम विधानसभा विधायक रोहित साहू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान का है.
विधायक पंचायत चुनावों के आखिरी चरण के मतदान से पहले भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार में जुटे हैं.
इस वीडियो के अलावा उनके बोरसी, अरंड, बासीन, चरौदा और बेलर के चुनावी सभाओं के वीडियो वायरल हो रहे हैं.
जिसमें विधायक अपने ही समर्थकों को फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं.
ग्रामीणों को कहा तलवा चाटने वाला
बोरसी गांव में प्रचार के दौरान मंच से विधायक रोहित साहू ने गांव के कुछ लोगों को कांग्रेस और पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल का तलवा चाटने वाला कह दिया.
जिसके बाद वहां उपस्थित भीड़ भड़क गई. लोगों की विधायक के साथ तीखी बहस भी हुई.
वायरल वीडियो में विधायक कहते दिख रहे हैं कि रोहित साहू को सीधा मत समझों, तुम्हारे अमितेश शुक्ला को पानी पीला दिया हूं.
तुम शराब पीके मेरे सामने बात मत करो. अभी अंदर करवा दूंगा.
वोट नहीं दिया, सुविधाएं नहीं मिलेगी.
इसके अलावा अरंड गांव में भी विधायक ने लोगों को खरी-खोटी सुना दिया.
यहां के ग्रामीणों ने विधायक से सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी तो विधायक का जवाब सुनकर लोग दंग रह गए.
उन्होंने साफ कह दिया कि विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से उन्हें वोट नहीं मिला.
इसलिए क्षेत्र की मांग को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी. इस बयान पर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.