छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी भीषण गर्मी तो कभी बादल-बारिश का दौर जारी है.
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश की कुछ जगहों पर तेज आंधी चलने व गरज-चमक के साथ ही बारिश होने की संभावना जताई है.
वहीं आज शुक्रवार को राज्य के 12 जिलों रायपुर, दुर्ग, कोरबा, महासमुंद, बेमेतरा, जांजगीर, बलौदाबाजार, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, कोंडागांव और बीजापुर में तेज गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं राजधानी रायपुर में भी देर शाम तक मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है.
बादलों की तेज गर्जना भी होगी. इससे गाज भी गिरने की आशंका है.
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश का मौसम बदले हुए दो दिन हो गए. अभी भी आंधी और बारिश की स्थिति बन रही है.
अगले पांच दिनों शुक्रवार से मंगलवार तक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज हवा चलेगी और हल्की बारिश होगी.
पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कई इलाकों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई.
बलरामपुर में कई स्थानों पर ओले भी गिरे. इसी प्रकार कुटरू में 20 मिमी, छुईखदान-गंडई-खैरागढ़ में 10-10 मिमी बारिश हुई.
रायपुर माना, जगदलपुर और अंबिकापुर में हल्की वर्षा हुई. वहीं पेंड्रारोड में बौछारें पड़ीं.
पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में 42 डिग्री तापमान के साथ सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई. रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा था.
वहीं रात का पारा 22.3 डिग्री रहा. आज दिन का तापमान 42 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है.