भारत के बाजार में उपलब्ध 97% दवायें सही
नई दिल्ली । डेस्क: लघु उद्योग भारती (LUB) ने केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) से आग्रह किया है कि वह देश में बिकने वाली 97 प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण दवाओं की सकारात्मक जानकारी को सार्वजनिक करे, ताकि भारतीय दवा उद्योग की छवि को बिना वजह नुकसान न पहुंचे. देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम (MSME) फार्मा निर्माताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन ने कहा कि केवल 2.5 से 3 प्रतिशत 'मानक गुणवत्ता के अनुरूप न पाई गई' (NSQ) दवाओं के कारण पूरे उद्योग और विशेषकर एमएसएमई सेक्टर को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है.
संगठन ने संसद में प्रस्तुत सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि पिछले पांच वर्षों में जांचे गए 4,92,904 दवा नमूनों में से केवल 2.91% नमूनों में ही गुणवत्ता संबंधी मामूली कमियां पाई गईं, जबकि जानबूझकर बनाई जाने वाली नकली या मिलावटी दवाओं का अनुपात केवल 0.32% था.
लघु उद्योग भारती का कहना है कि किसी दवा के NSQ घोषित होने के पीछे हमेशा निर्माण की कमी नहीं होती, बल्कि गर्मी के दौरान परिवहन, भंडारण की खराब व्यवस्था, लैब-टू-लैब जांच अंतर और रिटेल स्तर पर रखरखाव जैसी कई बाहरी स्थितियां भी ज़िम्मेदार होती हैं.
एमएसएमई फार्मा इकाइयों ने कहा है कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना और देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में योगदान देने वाले हजारों निर्माताओं के मनोबल को बनाए रखने के लिए सीडीएससीओ को गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरने वाली 97% कंपनियों की सूची भी जारी करनी चाहिए.
इससे मरीजों के मन में भारतीय दवाओं की सुरक्षा और प्रभावकारिता को लेकर विश्वास और मजबूत होगा. साथ ही, संगठन ने नियामक संस्था से वैज्ञानिक सहयोग मांगते हुए शेष 2.91 प्रतिशत कमियों को भी पूरी तरह खत्म करने की दिशा में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है.