सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

सागर में जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत, दर्जनों अस्पताल में भर्ती

C

CG Khabar

06 सित. 2026, 06:15 AM 3 मिनट में पढ़ें 15

AI Generated Photo
AI Generated Photo

भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल अंतर्गत सागर जिले में बांदा तहसील के कई गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौतों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.


शनिवार शाम से बिगड़ने लगी थी तबीयत


बांदा तहसील के नौराज, घूघरा खुर्द, बराझ और बमुरा भेड़ा गांवों में शनिवार शाम को शराब पीने के बाद अचानक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी थी. रविवार सुबह तक मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया. तीन से चार गांवों के लगभग तीन दर्जन से अधिक लोगों को आनन-फानन में बांदा के सिविल अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद इनमें से 25 से अधिक गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और सागर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

विज्ञापन


डॉक्टरों को मिथाइल अल्कोहल प्वाइजनिंग की आशंका


सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. देवेश पटेरिया ने नौ मौतों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पहला मामला शनिवार शाम को सामने आया था, जब बांदा अस्पताल में एक व्यक्ति को गंभीर हालत में लाया गया था, जिसे डॉक्टर बचा नहीं सके. इसके बाद रविवार सुबह से अचानक मौतों और गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ने लगी. डॉ. पटेरिया के अनुसार, मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा, लेकिन मरीजों के लक्षणों को देखते हुए प्राथमिक रूप से मिथाइल अल्कोहल (मेथैनॉल) प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है.


प्रभावित गांवों में डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग और अपील


मामले की भयावहता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तीन विशेष टीमें तड़के से ही सबसे ज्यादा प्रभावित तीन से चार गांवों में कैंप कर रही हैं. प्रशासनिक और मेडिकल टीमें घर-घर जाकर उन लोगों की तलाश कर रही हैं जिन्होंने पिछले 24 से 48 घंटों के भीतर शराब का सेवन किया था.


सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल और प्रशासनिक अमला तैनात है. प्रशासन ने ग्रामीणों से सार्वजनिक रूप से अपील की है कि जिन लोगों ने भी संदिग्ध शराब पी है, वे बिना किसी डर के तुरंत मेडिकल टीमों के सामने आएं और अपनी जांच कराएं, ताकि समय रहते उनका इलाज शुरू किया जा सके.


आबकारी विभाग में हड़कंप, दुकानें बंद


घटना के सामने आते ही आबकारी और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है. गैर-सरकारी सूत्रों के अनुसार, एहतियात के तौर पर प्रभावित गांवों के आसपास स्थित पांच से छह शराब दुकानों को तुरंत सील कर दिया गया है. जहरीली शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए मौके से शराब के नमूने जब्त कर जांच प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध या मिलावटी शराब का निर्माण और सप्लाई कहां से की जा रही थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
पीएम मोदी- फाइल फोटो
देश-विदेश

फिलीपींस दौरे पर पीएम मोदी, आसियान के साथ क्वाड मंच पर ट्रंप संग होगी बैठक

5 घंटे पहले

जियाकोमो फिलिबेक- इटली के नेता
देश-विदेश

हैदराबाद: 'वोट चोर' के नारे लगाकर वीजा नियमों के घेरे में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक

5 घंटे पहले

थाईलैंड के फुकेट में भीषण आग
देश-विदेश

थाईलैंड: फुकेट में तड़के भीषण आग से 11 लोगों की मौत, 16 घायल

6 घंटे पहले

गोपालगंंज- बांग्लादेश में अवामी लीग का उग्र प्रदर्शन
देश-विदेश

बांग्लादेश: गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग का उग्र प्रदर्शन, जमकर तोड़फोड़ और आगजनी

8 घंटे पहले

अमित शाह- फाइल फोटो
देश-विदेश

विदेश में भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी, राहुल गांधी गांवों का दौरा करें: अमित शाह

20 घंटे पहले

ललित मोदी
देश-विदेश

लंदन को घर मानने वाले IPL के संस्थापक ललित मोदी अब बने ब्रिटिश नागरिक

23 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP