75 दिवसीय बस्तर दशहरा आज से शुरू
बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ का विश्व प्रसिद्ध 75 दिवसीय बस्तर दशहरा 2025 का आज हरेली अमावस्या के साथ शुरुआत हो गई. दंतेश्वरी मंदिर के प्रांगण में गुरुवार को विधि विधान से पूजा अर्चना कर बस्तर दशहरा की पहली और खास रस्म पाट जात्रा रस्म पूरी की गई. 8 चक्कों के विशालकाय रथ निर्माण के लिए औजार ठुरलू-खोटला तथा अन्य औजारों का परम्परागत तरीके से पूजा-अर्चना कर रस्म पूरी की गई.
आज दंतेश्वरी मंदिर परिसर में विशेष गांव बिलोरी से रथ निर्माण के लिए लकड़ी लाई गई और विधि विधान से पूजा अर्चना की गई. इस लकड़ी को "ठुरलू खोटला" कहा जाता है. इसी लकड़ी से बस्तर दशहरा का सबसे मुख्य आकर्षण का केंद्र 8 चक्कों का विशालकाय रथ निर्माण किया जाएगा.
इस रस्म के साथ ही अब दशहरा पर्व में अलग-अलग रस्म निभाने की शुरुआत होगी. खास बात यह है कि इस दशहरा पर्व में 12 से अधिक अद्भुत रस्म निभाई जाती है. जो पूरे भारत देश में केवल बस्तर में ही देखने को मिलता है. इस रस्म के बाद अब आने वाले दिनों में बस्तर दशहरा की दूसरी महत्वपूर्ण रस्म "डेरी गढ़ई" की रस्म अदा की जाएगी.
600 साल पुरानी परंपरा अनवरत जारी
रियासत काल से चली आ रही बस्तर दशहरा की परंपरा आज भी उसी रस्मो रिवाज से बखूबी निभाई जाती है. इस पर्व की शुरुआत 600 साल पहले हुई थी जो आज भी अनवरत जारी है.
बस्तर दशहरा पर्व को पूरे बस्तरवासी बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं. बकायदा इसके लिए राज्य सरकार द्वारा एक समिति का गठन किया जाता है, जिसके अध्यक्ष खुद बस्तर के सांसद होते हैं. साथ ही सरकार इसके लिए बजट भी जारी करती है.
इस दशहरा पर्व को देखने देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक बस्तर पहुंचते हैं. हरेली अमावस्या के दिन इस पर्व की सबसे पहली और महत्वपूर्ण रस्म अदायगी के साथ 75 दिनों तक चलने वाले दशहरा पर्व की शुरुआत हो गई. आगे अब विशेष गांव के ग्रामीणों के द्वारा दशहरा पर्व में चलाई जाने वाली विशालकाय रथ बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
कब कौन सी रस्में
ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के प्रमुख पूजा विधानों को निर्धारित तिथि के अनुसार संपन्न की जाती है. जिसमें आगामी शुक्रवार 05 सितम्बर को डेरी गड़ाई पूजा विधान, रविवार 21 सितम्बर को काछनगादी पूजा विधान, सोमवार 22 सितम्बर को कलश स्थापना पूजा विधान, मंगलवार 23 सितम्बर को जोगी बिठाई पूजा विधान सहित बुधवार 24 सितम्बर से सोमवार 29 सितम्बर 2025 तक प्रतिदिन नवरात्रि पूजा एवं रथ परिक्रमा पूजा विधान, सोमवार 29 सितम्बर को सुबह 11 बजे बेल पूजा, मंगलवार 30 सितम्बर को महाअष्टमी पूजा विधान एवं निशा जात्रा पूजा विधान, बुधवार 01 अक्टूबर को कुंवारी पूजा विधान, जोगी उठाई पूजा विधान एवं मावली परघाव, गुरुवार 02 अक्टूबर को भीतर रैनी पूजा विधान एवं रथ परिक्रमा पूजा विधान, शुक्रवार 03 अक्टूबर को बाहर रैनी पूजा विधान एवं रथ परिक्रमा पूजा विधान, शनिवार 04 अक्टूबर को सुबह काछन जात्रा पूजा विधान के पश्चात दोपहर में मुरिया दरबार का आयोजन होगा.
वहीं रविवार 05 अक्टूबर को कुटुम्ब जात्रा पूजा विधान में ग्राम्य देवी-देवताओं की विदाई की जाएगी और मंगलवार 07 अक्टूबर को मावली माता की डोली की विदाई पूजा विधान के साथ ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व सम्पन्न होगी.