सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

जैश प्रमुख मसूद अज़हर पर 70 लाख का इनाम, भारत ने कहा पाक का 'पाखंड'

C

CG Khabar

16 सित. 2026, 05:46 AM 4 मिनट में पढ़ें 29

मसूद अजहर
मसूद अजहर

नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अज़हर पर 70 लाख रुपये के इनाम की घोषणा को भारत ने पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे केवल एक "दिखावा" और "पाखंड" करार दिया है. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीमा पार से इस तरह के फर्जी ऐलान कोई नई बात नहीं हैं. भारत की मांग है कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ केवल कागजी दावों के बजाय जमीन पर ठोस और सख्त कार्रवाई करके दिखाए.


भारत में 2001 का संसद हमला, 2008 का मुंबई आतंकी हमला, 2016 का पठानकोट एयरबेस हमला और 2019 का पुलवामा हमला-इन सभी बड़ी आतंकी घटनाओं का मुख्य आरोपी मसूद अज़हर ही है. 

विज्ञापन


पाकिस्तान लगातार यह दावा करता रहा है कि अज़हर अफगानिस्तान भाग गया है, लेकिन अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इस्लामाबाद के इन दावों को पूरी तरह से नकार दिया है. तालिबान विदेश मंत्रालय का कहना है कि मसूद अज़हर उनकी सरजमीं पर मौजूद नहीं है.


FATF क्या है?


दरअसल, फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की आगामी बैठक को देखते हुए पाकिस्तान पर आतंकी नेटवर्क और उनके आकाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भारी अंतरराष्ट्रीय दबाव है. 

जानकारों के मुताबिक, FATF की 'ग्रे लिस्ट' से बाहर आने के बाद से ही पाकिस्तान अपनी पुरानी प्रतिबद्धताओं से पीछे हट रहा है. ऐसे में वैश्विक संस्थाओं की आंखों में धूल झोंकने और एफएटीएफ की समीक्षा से बचने के लिए ही इस्लामाबाद ने एक बार फिर मसूद अज़हर पर इनाम का यह पैंतरा आजमाया है, जिसे भारत ने पूरी तरह बेनकाब कर दिया है.


गौरतलब है कि फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) एक अंतर-सरकारी वैश्विक संस्था है, जिसकी स्थापना 1989 में G7 देशों की पहल पर पेरिस में की गई थी. इसका प्राथमिक उद्देश्य मनी लॉन्ड्रिंग, टेरर फंडिंग और सामूहिक विनाश के हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक तय करना और कानूनी, वित्तीय तथा परिचालन उपायों के प्रभावी कार्यान्वयन को बढ़ावा देना है. 


यह संगठन दुनिया भर की वित्तीय प्रणालियों को अवैध गतिविधियों और आतंकवाद के दुरुपयोग से बचाने के लिए एक निगरानीकर्ता (वॉचडॉग) के रूप में कार्य करता है.


FATF की 'ग्रे लिस्ट' (जिसे आधिकारिक तौर पर 'Increased Monitoring List' कहा जाता है) में उन देशों को शामिल किया जाता है, जिनकी वित्तीय प्रणालियों में मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग को रोकने के लिए गंभीर ढांचागत कमियां होती हैं. जब किसी देश को इस सूची में रखा जाता है, तो उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाती है और उसे तय समय सीमा के भीतर अपनी कमियों को दूर करने की कार्ययोजना (Action Plan) पर काम करना होता है. 


ग्रे लिस्ट में शामिल होने से उस देश की साख को नुकसान पहुंचता है और उसके लिए अंतरराष्ट्रीय बैंकों, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) या विश्व बैंक से ऋण, विदेशी निवेश (FDI) और अंतरराष्ट्रीय व्यापार हासिल करना काफी कठिन और महंगा हो जाता है.


FATF की आगामी बैठक 'प्लेनरी' (Plenary) यानी सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था की सत्र बैठक अक्टूबर में है. यह प्लेनरी बैठक वर्ष में तीन बार (आमतौर पर फरवरी, जून और अक्टूबर) आयोजित की जाती है, जिसमें सदस्य देशों और विभिन्न वैश्विक प्रतिनिधि शामिल होते हैं. 


इस आगामी बैठक का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर के देशों द्वारा आतंकवाद के वित्तपोषण और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ उठाए गए कदमों की समीक्षा करना होता है. इसी बैठक के दौरान FATF यह तय करता है कि किस देश को ग्रे लिस्ट या ब्लैक लिस्ट में जोड़ा जाना है, किसे अपनी प्रगति के आधार पर सूची से बाहर निकाला जाना है या किसी विशिष्ट देश के प्रदर्शन की आगे की निगरानी कैसे की जाएगी.


जाहिर है कि पाकिस्तान मसूज अज़हर पर ईनाम की घोषणा कर यह दर्शाने की कोशिश कर रहा है कि वह उनके देश में नहीं है, कहीं बाहर फरार है. जबकि भारत का दावा है कि मसूद अज़हर पाकिस्तान में ही छुपा हुआ है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
पीएम मोदी- फाइल फोटो
देश-विदेश

फिलीपींस दौरे पर पीएम मोदी, आसियान के साथ क्वाड मंच पर ट्रंप संग होगी बैठक

4 घंटे पहले

जियाकोमो फिलिबेक- इटली के नेता
देश-विदेश

हैदराबाद: 'वोट चोर' के नारे लगाकर वीजा नियमों के घेरे में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक

4 घंटे पहले

थाईलैंड के फुकेट में भीषण आग
देश-विदेश

थाईलैंड: फुकेट में तड़के भीषण आग से 11 लोगों की मौत, 16 घायल

6 घंटे पहले

गोपालगंंज- बांग्लादेश में अवामी लीग का उग्र प्रदर्शन
देश-विदेश

बांग्लादेश: गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग का उग्र प्रदर्शन, जमकर तोड़फोड़ और आगजनी

7 घंटे पहले

अमित शाह- फाइल फोटो
देश-विदेश

विदेश में भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी, राहुल गांधी गांवों का दौरा करें: अमित शाह

19 घंटे पहले

ललित मोदी
देश-विदेश

लंदन को घर मानने वाले IPL के संस्थापक ललित मोदी अब बने ब्रिटिश नागरिक

22 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP